{"_id":"a20e95da-2b4d-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"india-hopeful-of-getting-voice-samples-of-mumbai-attack-handlers","type":"story","status":"publish","title_hn":"26\/11: आरोपियों की आवाज के नमूने जल्द सौंपेगा पाक","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
26/11: आरोपियों की आवाज के नमूने जल्द सौंपेगा पाक
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Sat, 10 Nov 2012 09:15 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत आश्वस्त है कि पाकिस्तान जल्द ही उसे 26/11 के आरोपियों की आवाज के नमूने सौंप देगा। सरकार ने शनिवार को जानकारी दी है कि नमूने को लेकर पिछले चार साल से ना-नुकुर कर रहा पाक अब इस दिशा में गंभीर कोशिश कर रहा है।
विज्ञापन
यही वजह है कि भारत ने पाकिस्तान के आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री रहमान मलिक को भारत आने की हरी झंडी दी है। मलिक दोनों देशों के बीच नए वीजा नियमों की शुरुआत करने के मकसद से इसी महीने की 22-23 तारीख को दिल्ली आने वाले हैं। हालांकि 22 तारीख से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने की वजह से मलिक की यात्रा कुछ दिनों के लिए टलने की आशंका भी जताई जा रही है।
विज्ञापन
गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने मंत्रालय की मासिक रिपोर्ट पेश करने के दौरान पूछे गए सवाल पर कहा कि आरोपियों की आवाज के नमूने हासिल करने के लिए पाक ने कई अहम कदम उठाए हैं। संभव है कि रहमान मलिक कुछ आरोपियों की आवाज के नमूने अपने साथ लाने का इंतजाम करें।
विज्ञापन
इस मामले में आने वाले सभी कानूनी अड़चनों को दूर करने की कोशिश हो रही है। पाकिस्तान सरकार ने अपने संसद में एक ड्राफ्ट बिल पेश किया है जिसके पास हो जाने के बाद आरोपी कानून की आड़ में नमूना देने से नहीं बच पाएंगे।
गृह सचिव आरके सिंह ने कहा कि 26/11 की जांच में वह बड़ा दिन होगा, जब पाकिस्तान आरोपियों की आवाज के नमूने सौंपेगा। सिंह के मुताबिक भारत ने पाकिस्तान को राय दी है कि वह आरोपियों के भाषण या कहीं भी की गई बातचीत का टेप ही सौंप दे। पर पाकिस्तान को इसकी तकनीकी तौर पर तस्दीक करनी होगी कि यह किस खास आतंकवादी की आवाज है। तभी इसका सुबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
दरअसल, पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने यह फैसला लिया था कि जब तक पाकिस्तान आवाज के नमूने नहीं सौंप देता तब तक रहमान मलिक से उनकी मुलाकात नहीं हो सकती। चिदंबरम के पाकिस्तान पर दबाव डालने की इस नीति पर शिंदे ने कहा कि मलिक को यहां आने की इजाजत इसलिए मिली कि उनकी सरकार नमूना इकट्ठा करने के लिए कोशिश में लगी हुई है। दरअसल पाकिस्तान सरकार कट्टरपंथियों व आईएसआई के दबाव में नमूना ही इकट्ठा नहीं कर पाई है।