{"_id":"b8f7c8ba-1a19-11e2-8947-d4ae52bc57c2","slug":"india-against-corruption-made-his-ombudsman","type":"story","status":"publish","title_hn":"इंडिया अगेंस्ट करप्शन ने बनाया अपना लोकपाल","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
इंडिया अगेंस्ट करप्शन ने बनाया अपना लोकपाल
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 19 Oct 2012 11:50 PM IST
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल के इंडिया अगेंस्ट करप्शन ने शुक्रवार को अपना लोकपाल गठित करने का ऐलान किया। साथ ही कहा कि हाईकोर्ट के तीन सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की कमेटी प्रशांत भूषण, अंजलि दमानिया और मयंक गांधी के खिलाफ लग रहे आरोपों की जांच करेगी। केजरीवाल ने बताया कि जनता ई-मेल के जरिये भी किसी शख्स के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकेगी।
विज्ञापन
पेशे से वकील प्रशांत भूषण पर नोएडा और हिमाचल प्रदेश में गलत तरीके से जमीन हथियाने का आरोप लगा है। वहीं, आईएसी की मुंबई शाखा के प्रमुख मयंक गांधी पर आरोप है कि उन्होंने अपने चाचा की रियल एस्टेट कंपनी को एक ठेका दिलाने में मदद पहुंचाई, जिसे बाद में महाराष्ट्र सरकार ने रद्द कर दिया था। इसके अलावा नितिन गडकरी के खिलाफ सबूत जुटाने वाली अंजलि दमानिया पर किसानों से कम कीमतों पर जमीन लेकर भारी मुनाफे पर बेचने का आरोप है।
विज्ञापन
केजरीवाल ने बताया कि आईएसी के तीन सदस्यों पर आरोप लग रहे हैं। हमने इसकी जांच कराने की सरकार से कई बार मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा तय किया गया कि इसकी जांच खुद कराई जाए। इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।
विज्ञापन
इसमें दिल्ली हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश एपी शाह, पूर्व न्यायाधीश जसपाल सिंह और बांबे हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बीएच मरलापल्ले शामिल हैं। कमेटी तीन महीने के अंदर अपनी रिपोर्ट दे देगी। उन्होंने कहा कि दोषी साबित होने पर सदस्यों को पार्टी की सदस्यता नहीं मिलेगी।