{"_id":"b53e378c-a2df-11e2-93d9-d4ae52bc57c2","slug":"in-sudan-the-country-s-brave-martyr-cremated","type":"story","status":"publish","title_hn":"सूडान में शहीद हुए देश के जांबाज पंचतत्व में विलीन","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
सूडान में शहीद हुए देश के जांबाज पंचतत्व में विलीन
लखनऊ/ महेंद्रगढ़/ हल्द्वानी/ब्यूरो
Updated Fri, 12 Apr 2013 07:59 AM IST
विज्ञापन
सूडान में शहीद हुए भारतीय जांबाज लेफ्टिनेंट कर्नल महिपाल सिंह, सूबेदार शिव कुमार पाल, सिपाही हीरालाल और नंदकिशोर जोशी पंचतत्व में विलीन हो गए। बृहस्पतिवार को पूरे सैनिक व राजकीय सम्मान के साथ सभी का अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन
लखनऊ में शहीद शिव कुमार पाल को प्रदेश के मुख्यमंत्री ने घर पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मालूम हो कि नौ अप्रैल को जोंगलाई में हुए विद्रोहियों के हमले में लेफ्टीनेंट कर्नल महिपाल सहित पांच भारतीय जवान शहीद हो गए थे।
विज्ञापन
दक्षिणी सूडान के जोंगलाई क्षेत्र में नौ अप्रैल को शहीद हुए भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल महिपाल सिंह (52) का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को पूरे सैनिक व राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव सुरेहती पिलानिया में कर दिया गया।
विज्ञापन
शहीद महिपाल की चिता को उनके ज्येष्ठ पुत्र महेन्द्र सिंह ने मुखाग्नि दी। लखनऊ के लाल नायब सूबेदार शिव कुमार पाल को बैकुंठ धाम में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। शहीद के पंद्रह वर्षीय बेटे शुभांशु ने पिता को मुखाग्नि दी।
बेटे को पंचतत्व में विलीन होते बूढ़े पिता की आंखें नम हो गईं। इस मौके पर मैहर रेजिमेंट की ओर से सेना के जवानों व उप्र पुलिस के सैनिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद के रिश्तेदारों ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद अस्थि कलश प्रतापगढ़ ले जाया जाएगा। प्रतापगढ़ परिजनों का पैतृक स्थान है। जांबाज सिपाही हीरालाल को गमगीन माहौल में बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव बिस्वाना में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
उधर, उत्तराखंड के नंद किशोर जोशी का सैनिक सम्मान के साथ बड़ावे (पिथौरागढ़) स्थित रामेश्वर घाट में अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर लोगों ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी।
शहीद सैनिकों के परिजनों को 20-20 लाख
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सूडान में तैनात उत्तर प्रदेश के दो शहीद सैनिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियान के तहत सूडान में तैनात पांच भारतीय सैनिकों को पिछले दिनों विद्रोहियों ने एक हमले में मार डाला था। शहीद सैनिकों में बुलंदशहर के हवलदार हीरालाल और प्रतापगढ़ के नायब सूबेदार शिवकुमार पाल भी शामिल थे।