एकतरफा प्यार में महिला किराएदार से हैवानियत
दिल्ली के केशवपुरम के रामपुरा इलाके में शुक्रवार रात 29 वर्षीय महिला पर उसके मकान मालिक ने तेजाब फेंक दिया। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मंजीत के रूप में हुई है।
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में एकतरफा प्यार के चलते तेजाब फेंकने की बात कबूल की है। उधर, सफदरजंग अस्पताल में इलाज करवा रही पीड़िता की हालत खतरे से बाहर है। उसका चेहरा और गला आठ से दस फीसदी तक झुलस गया है।
पुलिस उपायुक्त एन संबंदन ने बताया कि शुक्रवार रात फैक्टरी से लौट रही 29 वर्षीय महिला पर एक युवक ने तेजाब फेंक दिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को तुरंत उपचार के लिए महावीर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर दिया।
घर लौट रही थी तभी घटना को दिया अंजाम
जांच के दौरान 29 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति और दो बच्चों के साथ रामपुरा इलाके में रहती है। वह और उसका पति घर से कुछ दूरी पर स्थित एक चप्पल बनाने वाली फैक्टरी में काम करती है।
उसने बताया कि घटना के समय वह फैक्टरी से घर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका मकान मालिक मंजीत ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब फेंके जाने से उसे जलन होने लगी।
मौका देख आरोपी मंजीत वहां से फरार हो गया। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई कि कुछ माह पहले बीमार होने की वजह से मंजीत ने महिला को आर्थिक मदद की थी।
एकतरफा प्यार को हैवानियत भरा अंजाम
शुक्रवार रात पुलिस ने आशंका जताई कि रुपये की लेन-देन की वजह से मंजीत ने पीड़िता पर तेजाब डाला है। केशवपुरम थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की और शनिवार दोपहर में उसे केशवपुरम इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मंजीत ने पूछताछ में बताया कि वह महिला से एक तरफा प्यार करता था। वह अक्सर उसके पास जाने की कोशिश करता था। लेकिन महिला उसे भाव नहीं देती थी।
कुछ माह पहले महिला के बीमार होने पर उसने आर्थिक मदद देकर उससे नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की। कामयाब नहीं होने पर आरोपी ने उसपर तेजाब फेंकने की साजिश रच डाली।
जैसी फैक्ट्री से निकली उड़ेल दिया तेजाब
साजिश रचने के बाद आरोपी ने बाजार से तेजाब खरीदा और फिर शुक्रवार रात फैक्टरी के पास उसका इंतजार करने लगा। महिला जैसे ही फैक्टरी से निकली। वह कुछ दूर चला गया। महिला के वहां पहुंचने पर उसने तेजाब के बोतल को उसके चेहरे पर उड़ेल दिया।
मकान के किराए से आरोपी चलाता है परिवार
जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी का रामपुरा इलाके में कई मकान हैं। जिसमें काफी संख्या में किराएदार रहते हैं। मंजीत को हर माह हजारों रुपये किराए के तौर पर आते हैं। जिससे वह अपना परिवार चलाता है। पीड़ित महिला अपने परिवार के साथ मंजीत के घर में दो साल से बतौर किराएदार रहती है।