पेट्रोल की कीमतों में लगी आग, यहां 190 रु. प्रति लीटर हैं दाम
मणिपुर एक बार फिर ईंधन संकट से जूझ रहा है। यहां पेट्रोल और डीजल की कीमते बहुत ज्यादा बढ़ गई हैं। कालाबाजार में पेट्रोल 180 से 190 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है जबकि यहां प्रति लीटर तेल का दाम 57 रुपए लीटर है।
चार साल पहले भी मणिपुर ऐसे संकट से जूझ रहा था तब वहां पेट्रोल की कीमतें 200 रुपए तक पहुंच गई थी। बताते चलें कि मणिपुर के कई इलाकों में भूस्खलन हुआ है जिस वजह से कई टैंकर रास्ते में ही रुक गए। यहां बराक ब्रिज टूट जाने के कारण भी ये हालात उत्पन्न हुए हैं।
भूस्खलन की वजह से आवश्यक वस्तुएं फिलहाल मणिपुर नहीं पहुंच पा रही है क्योंकि इंफाल-दीमापुर और इंफाल सिलचर हाइवे बंद हो गया हैं।
खाद्य पदार्थों के भी बढ़े दाम
मणिपुर में केवल ईंधन ही नहीं बल्कि खाद्य पदार्थों के दाम भी ज्यादा बढ़ गए हैं।
प्याज, आलू, दाल सहित अन्य सब्जियों के दाम दोगुने हो गए हैं। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के सूत्रों का कहना है कि यह समस्या अगले कुछ दिनों तक रह सकती है क्योंकि भूस्खलन की वजह से टैंकर नहीं आ पा रहे हैं।
असम-नागालैंड बॉर्डर पर 186 तेल के टैंकर फंसे हुए हैं और जब तक रास्ता ठीक नहीं हो जाता तब तक यह समस्या रहेगी। मणिपुर के लोग कुछ लीटर तेल लेने के लिए 5 से 6 घंटे तक का इंताजर कर रहे हैं, तब जाकर उन्हें तेल मिल पा रहा है।