मोदी ही होंगे एनडीए के पीएम: राजनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया है कि नई लोकसभा में अगर आंकडे़ अनुकूल रहे तो सिर्फ नरेंद्र मोदी ही एनडीए सरकार के प्रधानमंत्री होंगे।
बहुमत नहीं मिल पाने की स्थिति में गठबंधन दलों से सहयोग लेने के बाद उनके दबाव में मोदी के बजाय किसी और नेता की अगुवाई में एनडीए की सरकार बनाने के कयासों पर भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को विराम लगाते हुए कहा, ‘मोदी ही हर हाल में एनडीए सरकार के प्रधानमंत्री होंगे।’
उन्होंने कहा कि देश महज कानूनों से ही नहीं चल सकता, इसके लिए एक नेता की भी जरूरत होती है, जिसके पास अपना नैतिक आधार हो। राजनाथ ने मोदी के मुस्लिम टोपी नहीं पहनने के बेवजह विवाद को सिरे से खारिज कर दिया।
'मुस्लिम कर रहे मोदी का समर्थन'
उन्होंने कहा, ‘हमारे राजनीतिक विरोधी बेहद योजनागत तरीके से गैर मुद्दों को भी मुद्दा बनाने की कोशिश करते हैं। मैं धोती-कुर्ता पहनता हूं, मोदी कुर्ता-पायजामा पहनते हैं आप शर्ट-पैंट पहनते हैं। क्या यह भी कोई मुद्दा है? वे देश को सांप्रदायिक आधार पर बांटना चाहते हैं।’
राजनाथ ने किसी खास तबके या समुदाय को उन्हें वोट देने की अपील नहीं करने पर मोदी का समर्थन करते हुए कहा कि जाति या धर्म के आधार पर वोट की अपील नहीं करनी चाहिए। क्योंकि हरेक की यह अपनी आजादी है। हम समाज के हर वर्ग से बगैर किसी भेदभाव के अपील करते हैं।
मुस्लिमों से दूरी के सवाल पर भाजपा प्रमुख ने कहा कि मुस्लिम अब मोदी को समर्थन कर रहा है। उनके समुदाय के सदस्य गुजरात में ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उनकी देश के मुकाबले प्रति व्यक्ति आय बेहतर है। धीरे-धीरे मुस्लिम समाज भी समझ रहा है कि यह कांग्रेस और तथाकथित धर्मनिरपेक्ष पार्टियों का प्रोपेगंडा था। वे लगातार मोदी और भाजपा के करीब आएंगे और अनावश्यक डर का भय अपने आप खत्म हो जाएगा।
मोदी ने कोई गलती नहीं की तो माफी क्यों?
2002 के गुजरात दंगों के बारे में राजनाथ ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री ने कोई गलती नहीं की थी और इसलिए माफी मांगने का कोई मतलब ही नहीं है। किसी भी जाति या धर्म का कोई भी व्यक्ति मोदी से नाखुश नहीं है। लोग समझ चुके हैं कि कांग्रेस हमेशा से सांप्रदायिक कार्ड खेलती है।
उमा भारती के एनडीए सरकार बनने पर सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा को जेल भेजने की बात पर राजनाथ ने कहा कि यह सिर्फ वाड्रा के बारे में ही नहीं है, बल्कि जिन पर भी ऐसे मामले होंगे, जो जांच में सही पाए जाएंगे और न्यायपालिका अगर उन पर फैसला सुनाती है तो उन पर यह कार्रवाई होगी। भाजपा कभी प्रतिशोध की राजनीति नहीं करती। कानून अपना काम करेगा।