घटिया खाने पर होगा लाखों का जुर्माना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्रेनों में मुसाफिरों को परोसे जा रहे घटिया खाने से दागदार हो रही अपनी छवि को रेलवे ने साफ सुथरा करने का बीड़ा उठा लिया है। रेल मंत्रालय ने अपने चीफ कामर्शियल मैनेजरों को आदेश जारी कर ट्रेनों की पैंट्री कार में साफ सुथरा खाना तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं। यही नहीं घटिया खाना परोसने वालों को कम से कम एक लाख रुपये का जुर्माना ठोका जाएगा।
इतना ही नहीं गलती आगे दोहराए जाने पर ठेका भी हाथ से जाएगा। मंत्रालय ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि ठेकेदार खुद पैंट्री कार में खाने का निरीक्षण अपने आप करें।
मंत्रालय को ट्रेनों में घटिया खाना परोसे जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं। रेलवे ने इन शिकायतों को अपने दामन पर धब्बा माना है। यही कारण है कि मंत्रालय ने सभी चीफ कामर्शियल मैनेजरों को पैंट्री कार और ट्रेन में स्थित किचन के गहन निरीक्षण और परीक्षण करने को कहा है।
अब होगा जुर्माना
मंत्रालय ने आदेश में कहा है कि अगर किचन और पैंट्री कारों में इस तरह की अव्यवस्थाएं पाई जाती हैं, तो उनके ठेकेदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना ठोका जाए।
मंत्रालय ने कहा है कि यह जुर्माना कम से कम एक लाख का होना चाहिए। हालांकि यह इससे भी बढ़कर हो सकता है। मोबाइल पैंट्री कारों का निरीक्षण खुद ठेकेदार अपने आप करेंगे। उनके निरीक्षण के बाद ही मुसाफिरों को ट्रेन में खाना परोसा जाएगा। इससे खाने की जिम्मेदारी किचन में काम करने वालों की नहीं बल्कि खुद ठेकेदार की होगी।
मंत्रालय ने इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा है। साथ ही सभी चीफ कामर्शियल मैनेजरों से इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के भी आदेश दिए हैं।