'गुजरात में नहीं है स्वर्ग, मोदी को केवल कुर्सी की चिंता'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के वाराणसी से नामांकन दाखिल करते समय ‘मां गंगा’ को याद करने पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि विपक्षी दल देश की गंगा-जमुनी तहजीब में भरोसा नहीं करती।
बृहस्पतिवार को मोदी के गृह राज्य में उनके विकास मॉडल पर सवाल उठाते हुए सोनिया ने यह भी कहा कि जमीन पर स्वर्ग उतारने के सपने दिखा रहे मोदी का गुजरात खुद खस्ताहाल है और इस पर एक लाख 75 हजार करोड़ रुपये का भारी कर्ज है।
उन्होंने रैली में संघ पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा इसकी समाज को बांटने वाली विचारधारा पर चल रही है। भाजपा एक ऐसी विचारधारा और एक ऐसे संगठन के इशारे पर चल रही है जो गंगा-जमुनी तहजीब पर विश्वास नहीं करती और कट्टर सोच के साथ भेदभाव फैलाती है जो सदियों से संजोकर रखी गई एकता को तोड़ती है।
भाजपा पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
गुजरात में अपनी पहली रैली में सोनिया ने कहा कि भाजपा ऐसा दावा करती है जैसे उनके आने पर स्वर्ग जमीन पर उतर आयेगा, पर वे यह सच्चाई नहीं बताते कि खुद गुजरात भारी कर्ज में डूबा है।
इसके बहुत से गांवों में पानी नहीं है। पांच साल से कम उम्र का हर दूसरा बच्चा कुपोषण का शिकार है और बीच में ही स्कूल छोड़ देने वाले सबसे अधिक बच्चे (ड्राप आउट) गुजरात में ही हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रोजाना 11 रुपये से ज्यादा कमाने वाले को गुजरात सरकार गरीब नहीं मानती। आप बताएं क्या यह स्वर्ग है या कुछ और। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इन्हें केवल कुर्सी का ख्याल है, गरीब से या आप से कोई लेना देना नहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने खुद भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं तोड़ दी है। जनता को यह देखना चाहिए कि मोदी की सरकार ने कहीं अपने भ्रष्टाचार पर परदा डालने के लिए ही राज्य में लोकायुक्त की नियुक्ति में 10 साल का समय तो नहीं लगा दिया।
पीएम ने कहा, मोदी लहर मीडिया की उपज
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि देश में कोई मोदी लहर नहीं है। उनका कहना है कि मोदी लहर के नाम पर जो कुछ सुनाई या दिखाई पड़ रहा है वह मीडिया की उपज है।
असम के गुवाहाटी में पत्नी गुरशरण कौर के साथ वोट डालने आए प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी लहर तो मीडिया ने बनाया है। जो हालात हैं उनमें उनकी समझ से कांग्रेस हारने नहीं जा रही है।
उन्होंने कहा 16 मई तक इंतजार करें। कांग्रेस बहुमत से सत्ता में आएगी। उन्होंने देश के नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने और वोट डालने की भी अपील की।