{"_id":"8bd49bec-8e72-11e2-b06d-d4ae52bc57c2","slug":"girl-immolates-herself-after-being-eve-teased","type":"story","status":"publish","title_hn":"जंगलराज: थम नहीं रहा दरिंदगी का दौर","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
जंगलराज: थम नहीं रहा दरिंदगी का दौर
नई दिल्ली/ग्वालियर/दतिया/ब्यूरो
Updated Sun, 17 Mar 2013 01:18 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए सरकार की सख्ती का कोई असर नजर नहीं आ रहा है। बलात्कार, छेड़छाड़ और हत्या की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। यूपी पुलिस की उदासीनता का नतीजा है कि शनिवार को दिल्ली में मुरादाबाद की उस छात्रा की मौत हो गई, जिसने शिकायत दर्ज न होने के कारण खुद को आग लगा ली थी।
विज्ञापन
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती मुरादाबाद की 16 वर्षीया छात्रा की शनिवार सुबह सात बजे मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर तीन बजे से शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। मौत की सूचना के बाद करीब 11 बजे मुरादाबाद पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए। 85 प्रतिशत जली अवस्था में नौंवी कक्षा की छात्रा को बुधवार को बर्न विभाग के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
विज्ञापन
11 मार्च को तीन शोहदों की छेड़छाड़, बदतमीजी और धमकियों से परेशान होकर छात्रा ने खुद को आग लगा ली थी। छात्रा ने शोहदों की शिकायत स्थानीय पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बजाय समझौता करने का दबाव बनाया था। इसके बाद बुधवार को लड़की ने खुद को आग के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश में स्विस महिला से गैंगरेप
पति के साथ भारत भ्रमण पर आई एक स्विस महिला के साथ शुक्रवार की रात को मध्य प्रदेश के दतिया में गैंगरेप की घटना सामने आई है। सात हथियार बंद बदमाशों ने इस महिला से दुराचार किया।
बदमाशों ने उसके पति से मारपीट की और उनके पास मौजूद लैपटॉप और धन लूट लिया। फिलहाल पुलिस ने 20 लोगों को हिरासत में लिया है। स्विस दूतावास ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश सरकार से तेजी से जांच करने और पीड़िता को न्याय दिलाने को कहा है। दूतावास ने कहा कि उसकी पहली प्राथमिकता 39 वर्षीय पीड़िता का स्वास्थ्य और उसका इलाज है।
इंदौर में बस में गैंगरेप
एक 38 वर्षीय विवाहित महिला से एक प्राइवेट बस में गैंगरेप के मामले में पुलिस ने यहां तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक ड्राइवर और कंडक्टर भी शामिल है। घटना शुक्रवार की है। यह महिला देवास से इंदौर जाने के लिए बस में सवार हुई थी।
पुलिस के अनुसार पति से झगड़े के बाद महिला इंदौर जा रही थी। बस के इंदौर पहुंचने के बाद महिला को छोड़ कर सभी यात्री उतर गए। बस में उसके साथ रेप हुआ। महिला की शिकायत पर पुलिस ने बस के ड्राइवर जाहिद (30), कंडक्टर लाला (22) और एक अन्य व्यक्ति राजेश (25) को गिरफ्तार कर लिया है।