काशी में गंगा की ऐसी हालत, कांप जाएंगे आप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में गंगा प्रदूषण से कराह रही है। हाल ही में नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के निदेशक टीवीएसएन प्रसाद ने नालों को बंद करने और एक बूंद भी गंदा पानी गंगा में न जाने देने की हिदायत दी थी लेकिन हकीकत कुछ और है।
अकेले घरेलू और औद्योगिक नालों से 40 करोड़ लीटर गंदा पानी प्रतिदिन गंगा में बहाया जा रहा है। मंदिरों से निकलने वाली करीब आठ कुंतल फूलमाला तो किनारों पर सड़ती ही है, श्मशान घाटों की राख और शव भी धड़ल्ले से गंगा में बहाए जा रहे हैं। अगर इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो करोड़ों रुपये खर्च के बाद भी निर्मलीकरण का सपना अधूरा रह जाएगा।
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता संभालने के बाद से अब तक गंगा को निर्मल बनाने के लिए मंत्रियों, अफसरों के दौरे के अलावा कुछ भी सतह पर नहीं आ सका है। अलबत्ता अफसरों के निर्देश को ठेंगा दिखाते हुए स्लाटर हाउस, साड़ी रंगाई के कारखानों के अलावा अन्य उद्योगों और घरेलू उपयोग के बाद निकलने वाले गंदा पानी को गंगा में धड़ल्ले से बहाया जा रहा है।
गंगा के किनारों पर आठ कुंतल से अधिक फूलमाला
राष्ट्रीय गंगा नदी बेसिन प्राधिकरण (एनजीआरबीए) के सदस्य प्रो. बीडी त्रिपाठी ने गंगा में रोज फैलने वाले प्रदूषण का जो आंकड़ा प्रस्तुत किया है, वह बेहद चिंताजनक है। प्रो. त्रिपाठी बताते हैं कि प्रतिदिन 30 करोड़ लीटर से अधिक घरेलू और 10 करोड़ लीटर से अधिक औद्योगिक डिस्चार्ज गंगा में सीधे जा रहा है।
अस्सी से राज घाट के बीच गंगा के किनारों पर आठ कुंतल से अधिक फूलमाला भी प्रतिदिन फेंका जा रहा है। इसमें कुछ तो छाना जाता है लेकिन अधिकतर सड़ता रहता है। मणिकर्णिका घाट, हरिश्चंद्र घाट पर प्रतिदिन सौ से अधिक शवों के अंतिम संस्कार में 900 मन से अधिक लकड़ी जलाई जाती है और इसकी राख भी गंगा में ही बहा दी जा रही है। इसमें रोक के बावजूद जानवरों और मनुष्यों के लावारिस शवों को भी बहाया जा रहा है।
'गंगा निर्मलीकरण की अब तक सिर्फ योजनाएं ही बन रही हैं, कारगर नतीजे सामने न आने से स्थिति दिन प्रतिदिन खराब हो रही है। पहले गोमुख से गंगा सागर तक गंगा का प्रवाह निरंतर पहुंचने की व्यवस्था की जानी चाहिए।'
--प्रो. बीडी त्रिपाठी, सदस्य, राष्ट्रीय गंगा नदी बेसिन प्राधिकरण