बेकाबू कार जा घुसी चाय की दुकान में, चार की दर्दनाक मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बलिया में कोतवाली थाना क्षेत्र के केवरा चट्टी के पास बुधवार की शाम एक कार अनियंत्रित होकर चाय की दुकान में घुस गई। कार की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बांसडीह-सहतवार मार्ग पर शवों को रखकर जाम लगा दिया। मौके पर एसडीएम, सीओ के साथ ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेने की पूरी कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर डटे रहे और शवों को देने से इंकार कर दिया। घटना के बाद एसडीएम और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसडीएम द्वारा मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवरा चट्टी पर चाय पीने के लिए शाम करीब चार बजे एक दुकान के पास फिरंगी और कुछ अन्य लोग खड़े थे। इसी बीच बांसडीह से केवरा गांव की तरफ जा रही एक कार अनियंत्रित होकर इन लोगों को रौंदते हुए चाय की दुकान में घुस गई।
चालक भागा, तीन लोग हिरासत में
कार की टक्कर से दुकानदार विशुन राजभर तथा फिरंगी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राधाकृष्ण और सुरेंद्र रावत ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि कपिलदेव, शिवलखन, हरिनाथ, मुकेश और लल्लन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार में सवार तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जबकि चालक मौके से भाग गया।
उधर, हादसे में मौके पर ही मरे विशुन तथा फिरंगी के शवों को बांसडीह-केवरा मार्ग पर रखकर गांव के लोगों ने जाम लगा दिया। गांव वाले दुर्घटना में मरे लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर एसडीएम अरविंद कुमार राय, सीओ नत्थूराम यादव के साथ ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
एसडीएम की काफी मान-मनौव्वल के बाद जाम समाप्त हुआ। तब जाकर घटना में मरे व्यक्तियों के शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। घटना की छानबीन करने अपर जिलाधिकारी केपी सिंह तथा एएसपी केसी गोस्वामी भी मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की।