सुब्रत रॉय की रिहाई को एक और याचिका दायर
सहारा इंडिया ने तिहाड़ जेल में बंद कंपनी प्रमुख सुब्रत रॉय की रिहाई की नई कोशिशों के तहत मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में एक और याचिका दायर की।
सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस टीएस ठाकुर की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि सहारा प्रमुख की याचिका पर जल्द सुनवाई की जाएगी। याचिका में कहा गया है कि सहारा प्रमुख के जेल से बाहर आए बिना इतनी बड़ी राशि जुटाना संभव नहीं है।
सहारा समूह ने मांगी ढाई साल की मोहलत
10 हजार करोड़ रुपये जुटाने के लिए सहारा ने कोर्ट से ढाई साल की मोहलत मांगी है। कोर्ट ने सहारा प्रमुख की रिहाई के लिए सहारा समूह से 5000 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी और इतनी ही रकम सेबी के पास जमा कराने के लिए कहा था।
कोर्ट ने सहारा से निवेशकों को 36 हजार करोड़ रुपये कुल नौ किस्तों में लौटाने का आदेश दिया था। निवेशकों को पैसे लौटाने के लिए दिए गए कोर्ट के आदेश को न मानने पर सुब्रत व कंपनी के दो निदेशक मार्च, 2014 से तिहाड़ जेल में हैं।