वायु सेना अधिकारी को टक्कर मारने वाले आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज
महानगर में गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान वायुसेना के जवान को टक्कर मारने वाले कार चालक सांबिया सोहराब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार को पूर्व राजद विधायक व तृणमूल कांग्रेस नेता मोहम्मद सोहराब के पुत्र सांबिया पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद स्थानीय अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे 14 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है।
सांबिया को शनिवार देर रात महानगर के पार्क सर्कस इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसने 13 जनवरी की सुबह साढ़े छह बजे रेड रोड़ इलाके में गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के दौरान अपनी कार से अभिमन्यु गौड़ नामक एक वायुसेना अधिकारी को टक्कर मार दी थी। इससे गौड़ की मृत्यु हो गई थी।
नशे में था सांबिया
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई,
लेकिन उसने बार-बार यही कहा कि वह उस दिन कार नहीं चला रहा था। उसने मौके
पर मौजूद होने से इंकार कर दिया। वह खुद को बेकसूर बता रहा है।
पुलिस
अधिकारियों का कहना है कि हादसे से पहले वाली रात को सांबिया ने बंदरगाह
इलाके में अपने दोस्तों के साथ देर रात तक शराब पी थी।
वह पूरे नशे में था
और हादसे के समय वही कार चला रहा था। सांबिया के दोस्तों ने भी पुलिस को
दिए बयान में शराब पार्टी की पुष्टि की है।