पीएम मोदी के एलान पर अमल शुरू, सौंपी गई नेता जी की फाइलें
नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी गोपनीय फाइलें सार्वजनिक करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एलान पर अमल शुरू हो गया है। पीएम के प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में मौजूद नेताजी से जुड़ी 33 फाइलों की पहली खेप राष्ट्रीय अभिलेखागार के महानिदेशक के सुपुर्द कर दी। पीएमओ में नेताजी से जुड़ी कुल 58 फाइलें हैं।
गौरतलब है कि सरकार 23 जनवरी 2016 से नेताजी से जुड़ी सभी फाइलों को सार्वजनिक करना शुरू कर देगी। इससे पहले राष्ट्रीय अभिलेखागार इन सभी फाइलों को डिजिटल कर उसे नई तकनीक के साथ रिकार्ड में शामिल करेगी।
पीएमओ की तरह विदेश और गृह मंत्रालय के पास भी नेताजी से जुड़ी करीब 90 फाइलें हैं। गृहमंत्रालय इनमें से करीब 28 फाइलें राष्ट्रीय अभिलेखागार को सौंप चुका है।
और फाइले भी सौंपी जाएंगी
पीआईबी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक यह दोनों मंत्रालय भी बची फाइलें
अभिलेखागार को सौंपने की प्रक्रिया में है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल सरकार
ने भी पिछले महीने नेताजी से जुड़ी 68 फाइलों को सार्वजनिक कर दिया था।
23
जनवरी के बाद छह दशक से नेताजी से जुड़े इतिहास की जानकारी जनता को मिलने
लगेगी। प्रधानमंत्री ने 14 अक्टूबर को 7 रेसकोर्स रोड स्थित अपने निवास पर
नेताजी के रिश्तेदारों से हुई मुलाकात में नेताजी से जुड़ी गोपनीय जानकारी
को सार्वजनिक करने का वादा किया था।
इस मुलाकात के दौरान मोदी ने कहा था कि
अपने ही इतिहास को भुला कर कोई भी देश नया इतिहास नहीं रच सकता।