एक सुनवाई के लाखों रुपए, जानें कितने महंगे हैं ये नामी वकील
ये चर्चा पुरानी है कि सुप्रीम कोर्ट के वकीलों की फीस बहुत ज्यादा है। ये है कि कितनी? इस पर जितने मुंह उतने तरह के दावे हैं। अंग्रेजी समाचार पत्र मिंट ने सुप्रीम कोर्ट के वकीलों की फीस का खुलासा किया है।
मिंट के मुताबिक, सु्प्रीम कोर्ट में 'क्लास 1' श्रेणी का एक वकील औसतन एक सुनवाई के लिए 5 से 15 लाख रुपए फीस वसूलता है। सबसे ज्यादा फीस लेने वाले वकीलों में अधिकांश ऐसे हैं, जो राजनीति से भी सरोकार रखते हैं। उनमें भी सबसे ज्यादा कांग्रेस से जुड़े हैं।
समाचार पत्र का दावा है कि राम जेठमलानी सुप्रीम कोर्ट के सबसे महंगे वकील हैं। वह सबसे बुजुर्ग वकील भी हैं, हालांकि सबसे उम्रदराज होने के बाद भी वह नियमित मुकदमे देखते हैं। वे किसी भी मुकदमे में एक सुनवाई का कम से कम 25 लाख रुपए लेते हैं।
नारीमन लेते हैं एक सुनवाई के 15 लाख तक
कांग्रेस के दिग्गज नेता और यूपीए सरकार में कई अहम मंत्रालय संभाल चुके पी चिंदबरम सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई का 6 से 7 लाख रुपए लेते हैं। हालांकि चिदंबरम बहुत कम मुकदमे देखते हैं। राज्यसभा के पूर्व सदस्य फाली एस नारिमन सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के लिए 11 से 15 लाख रुपए लेते हैं।
नारीमन के साथ काम कर चुके एक वकील ने बताया कि नारीमन भी चिदंबरम की तरह ही बहुत कम मुकदमे देखते हैं। वे कोई मुकदमा तभी देखते हैं, जब कानून के समक्ष कोई पेचीदा सवाल खड़ा हो गया हो। वे एक दिन में एक केस से ज्यादा नहीं लेते।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के लिए 8 से 15 लाख रुपए लेते हैं। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और हरीश साल्वे एक सुनवाई का 6 लाख से 15 लाख रुपए लेते हैं। हरीश साल्वे पूर्व कांग्रेस नेता एनकेपी साल्वे के बेटे हैं और वे लंदन में भी बैरिस्टर के रूप में काम करते हैं।
सोमवार और शुक्रवार को होती है कम फीस
सुप्रीम कोर्ट में 'क्लास 1' श्रेणी के वकीलों की अलग-अलग मामलों मे अलग-अलग फीस भी होती है। मामले की जटिलता, वकील और क्लाएंट के रिश्तों के चलते सुनवाई की रकम कम-ज्यादा होती रहती है।
रोचक बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट में सोमवार और शुक्रवार को सुनवाई की फीस कम होती है। दरअसल इन दिनों में कोर्ट केवल नए मामले ही देखते है और ये तय करती है कि उन्हें रद्द करना है या आगे बढ़ाना है।
मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट मुकदमों की सुनवाई करती है। इस दिन वकीलों की फीस बहुत ज्यादा होती है। कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंघवी और हरिश साल्वे जैसे वकील इन दिनों में 11 लाख से 15 लाख रुपए तक लेते हैं।