मूंछ नहीं कटवाई तो काट लिया कान
मूंछे रखना आम तौर पर लोगों के शौक में शुमार होता है लेकिन क्या आपने सुना है कि मूंछ के चलते किसी की जान ही सांसत में फंस गई हो?
कुछ ऐसा ही मामला बिहार के बिहटा इलाके में देखने को मिला है। जहां एक पूर्व सैन्य अधिकारी को मूंछों के चलते एक स्थानीय बदमाश ने धमका दिया।
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक आरोपी बदमाश ने पूर्व सैन्य अधिकारी को मूंछ कटाने के लिए कहा, लेकिन सैन्य अधिकारी ने उनकी बात नहीं सुनी।
इससे नाराज बदमाश ने सैन्य अधिकारी पर हमला कर दिया और उनके कान काट लिए। ये घटना सोमवार रात की है।
पूर्व सैन्य अधिकारी को किया घायल
पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आया जब पूर्व सैन्य अधिकारी रामानुज वर्मा (45) बिहटा बाजार से अपने गांव कौडिया लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही आपराधिक प्रवृत्ति के ननकु यादव ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
उसने रामानुज वर्मा को मूंछे कटाने के लिए धमकी दी और कहा कि बुधवार तक मूंछे हट जानी चाहिए।
इस पर रामानुज वर्मा ने कहा कि मूंछे उसके सम्मान का सवाल है। इसके साथ ही उन्होंने आरोपी बदमाश की बात मानने से इंकार कर दिया।
इसके बाद ननकु यादव ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और उनके बाएं कान के निचले हिस्से को काट दिया।
पुलिस कार्रवाई में जुटी
साथ ही उसने रामानुज यादव के जबड़े पर भी हमला किया। इसके बाद हमलावर उनकी बाइक लेकर भागा और घटना वाली जगह से कुछ दूर पर बाइक छोड़ फरार हो गया।
फिलहाल पूर्व सैन्य अधिकारी का इलाज बिहटा के एक अस्पताल में चल रहा है। इधर बिहटा पुलिस के मुताबिक रामानुज वर्मा ने ननकु यादव को चुनौती दी थी।
जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ जिसमें ये घटना घटी। पुलिस के मुताबिक दोनों एक दूसरे को जानते थे। पुलिस ने आरोपी ननकु यादव के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जरूरी कार्रवाई में जुट गई है।