राष्ट्रपति के बेटे की वजह से संसद में हुई कांग्रेस की किरकिरी
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के पुत्र और पश्चिम बंगाल से सांसद अभिजीत मुखर्जी ने सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस की किरकिरी करा दी। मुखर्जी ने सदन में रेल से जुड़े विनियोग विधेयक की जगह वित्त विधेयक पर बोलना शुरू कर दिया।
दरअसल, वह वित्त बिल से संबंधित भाषण की कॉपी लेकर ही सदन में पहुंच गए थे। अंत में स्पीकर सुमित्रा महाजन को उन्हें टोकना पड़ा। हंसी का पात्र बने मुखर्जी ने खेद जताने के बाद विनियोग विधेयक पर भाषण दिया।
हालांकि इस दौरान सत्ता पक्ष के सदस्यों ने उनकी कई बार चुटकी ली। मुखर्जी का भाषण शुरू होने के दो मिनट बाद तक असमंजस की स्थिति बनी रही क्योंकि वह वित्त विधेयक के प्रावधानों की चर्चा करते हुए सरकार पर निशाना साध रहे थे।
सांसद ने बाद में जताया खेद
इस बीच स्पीकर ने मुखर्जी से पूछा कि क्या उन्हें विषय की जानकारी भी है। इसके बाद कांग्रेस सांसद हुड्डा समेत कई सांसद हड़बड़ा कर मुखर्जी के पास पहुंचे।
पार्टी सांसदों द्वारा गलती का अहसास कराए जाने के बाद मुखर्जी चुपचाप अपनी सीट पर बैठ गए और सत्ता पक्ष के सांसदों ने कांग्रेस पर ताना मारना शुरू कर दिया।
इसी बीच स्पीकर ने भोजनावकाश की घोषणा कर दी। भोजनावकाश के बाद मुखर्जी ने गलत भाषण पढ़ने के लिए सदन में खेद जताया। हालांकि तब भी उन्हें अपने भाषण के दौरान सत्ता पक्ष के सदस्यों की ओर से व्यंग्यात्मक हमला झेलना पड़ा।