यूपी: महंगी बिजली के बाद एक और झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में घाटे के नाम पर विद्युत दरें बढ़ाकर उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ डाल रही बिजली कंपनियां उपभोक्ताओं के हक पर भी डाका डाल रही हैं। उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के प्रावधान के अनुसार समय से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बिल में 0.25 फीसदी की छूट नहीं दी जा रही है। अक्टूबर के बिल से ही पीवीवीएनएल अपने उपभोक्ताओं की जेब से करीब 2 करोड़ रुपये झटकने जा रहा है।
उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग की सिफारिश पर प्रदेश सरकार ने पिछले महीने विद्युत दरों में 12 फीसदी बढ़ोतरी की थी। नया टैरिफ प्लान 12 अक्तूबर से लागू हो चुका है। नियामक आयोग ने नए टैरिफ आर्डर 2014-15 में निर्धारित तिथि से पहले बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को 0.25 फीसदी छूट और देरी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर 1.50 फीसदी पेनाल्टी लगाने का प्रावधान किया है, लेकिन बिजली कंपनियों ने बिलिंग सॉफ्टवेयर में खेल कराते हुए छूट संबंधी प्रावधान को ही गोल करा दिया। अक्तूबर के जो बिल उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे हैं, उन बिलों में रिबेट का कॉलम ही नहीं है।
इस कारण कंपनियों के खाते में उपभोक्ताओं को मिलने वाले छूट के करोड़ों रुपये पहुंच रहे हैं। अकेले पीवीवीएनएल की बात करें तो कंपनी में हर महीने करीब 800 करोड़ रुपये की बिलिंग होती है। 0.25 फीसदी की छूट के हिसाब से कंपनी के खाते में 2 करोड़ रुपये पहुंचने जा रहे हैं। इसमें मेरठ शहर के उपभोक्ताओं के भी करीब 15 लाख रुपये शामिल हैं। जब तक सॉफ्टवेयर सही नहीं होगा तब तक उपभोक्ताओं का छूट का पैसा कंपनी के खाते में जाता रहेगा।
देरी पर लगती है पेनाल्टी
निर्धारित तिथि के बाद बिल जमा करने पर 1.50 फीसदी पेनाल्टी वसूली जाती है। नए सॉफ्टवेयर में पेनाल्टी का प्रावधान तो किया गया है, लेकिन छूट नहीं किया गया।
टैरिफ में ये भी है व्यवस्था
नए टैरिफ आर्डर में 100 लीटर क्षमता वाले सोलर वाटर हीटिंग सिस्टम वाले उपभोक्ताओं को हर महीने बिल में 100 रुपये की छूट देने का भी प्रावधान किया गया है, लेकिन इसका प्रावधान भी सॉफ्टवेयर में नहीं किया गया है।
पीवीवीएनएल मेरठ के प्रबंध निदेशक विजय विश्वास पंत ने बताया कि बिलिंग सॉफ्टवेयर लखनऊ में तैयार किया गया है, जो प्रदेश की सभी डिस्कॉम में लागू हुआ है। बिल में छूट का प्रावधान छूटने का मामला संज्ञान में आ गया है। मामले को शक्ति भवन के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही इसे दुरुस्त कर लिया जाएगा।