मोदी के मंत्री बोले, नमाज में भी है योग के आठ आसन
आयुष मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार संभाल रहे श्रीपद वाई नाइक ने कहा है कि मुस्लिम जो नमाज पढ़ते हैं, उसमें भी योग के आठ आसन होते हैं तो यह कहना गलत है कि योग करना गैर इस्लामिक है।
21 जून को सरकार पहला अंतर्राष्ट्री योग दिवस मनाने पर स्कूलों और कॉलेजों के साथ-साथ पूरे देश में योग कराने की सरकारी योजना पर मुस्लिम संगठनों ने सवाल उठाए थे।
विरोध करने वाले संगठनों के मुताबिक योग में सूर्य नमस्कार गैर इस्लामिक है। उनका कहना है कि इस्लाम को मानने वाला अल्लाह के कहीं और अपना सर नहीं झुकाता।
कांग्रेस को क्यों है ऐतराज?
इन सभी बातों का जवाब देते हुए नाइक ने कहा कि योग विद्वत जनों की साधना से निकला और यह धर्म से परे है। इसका सीधा संबंध व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से है। अगर आप नमाज के वक्त की मुद्राएं देखेंगे तो उसमें भी वज्रासन सहित आठ अन्य आसन होते हैं जो योग की मुद्राएं है।
नाइक ने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने पर संयुक्त के राष्ट्र के प्रस्ताव का समर्थन करने वाले सभी देशों के राजदूतों को आयोजन के लिए निमंत्रण भेजा गया है। इनमें कई ऐसे राष्ट्र हैं जो इस्लामिक हैं।
नाइक ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस को इस कार्यक्रम से क्यों ऐतराज है? उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस के नेताओं को भी आमंत्रित किया है और उम्मीद है कि वे आएंगे।