जंगल में दबोचकर शिक्षक ने किया रेप
एक शिक्षक द्वारा अपने ही कालेज की बारहवीं की छात्रा से बलात्कार किए जाने का शर्मनाक मामला सामने आया है। घटना यूपी में संभल के नखासा थाना क्षेत्र के जंगल में हुई। आरोपी साइंस टीचर छुट्टी के बाद स्कूल में ही ट्यूशन भी पढ़ाता था। गुरुवार को शिक्षक ने ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही छात्रा को जंगल में दबोचकर बलात्कार किया। छात्रा ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी तो परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ ने शुक्रवार को कालेज का घेराव कर जमकर बवाल मचाया। पुलिस प्रशासनिक अफसरों ने किसी तरह हालात संभाले। शिक्षक के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बवाल के बाद से शिक्षक फरार है।
बलात्कार की यह घटना संभल और मुरादाबाद जिले के बार्डर पर स्थित पाकबड़ा थाना क्षेत्र के एक इंटर कालेज से जुड़ी है। मैनाठेर कोतवाली क्षेत्र के गांव नवाब वाली मिलक निवासी अमीचंद गौतम (38) इस कालेज में विज्ञान शिक्षक है। ये शिक्षक स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल में ही ट्यूशन भी पढ़ाता है। शिक्षक की हवस का शिकार हुई नखासा थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा भी इसी स्कूल की इंटरमीडिएट की स्टूडेंट है और आरोपी शिक्षक से ट्यूशन भी पढ़ती है।
रोजाना की तरह ही गुरुवार को भी स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा ट्यूशन के लिए स्कूल में रुकी थी। ट्यूशन के बाद घर जाते वक्त कालेज के पास ही रास्ते में सुनसान जगह पर उसे शिक्षक अमीचंद ने ईख में खींचकर बलात्कार किया और फरार हो गया। शिक्षक को ईख से निकलकर भागते वक्त कुछ लोगों देख लिया। इसके बाद छात्रा ईख से रोते बिलखते बाहर आई और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने किया कॉलेज पर हंगामा
शुक्रवार को दिन निकलते ही परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने कॉलेज पर हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ आरोपी को अपने हवाले करने की मांग कर रही थी। लेकिन शिक्षक शुक्रवार को स्कूल नहीं आया था। कॉलेज पाकबड़ा थाना क्षेत्र में है इसलिए पाकबड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जहां रेप हुआ वो स्थान नखासा थाना क्षेत्र में था। बवाल बढ़ा तो एडीएम संभल डा. एसएन सिंह, एएसपी संभल विनोद कुमार मिश्र फोर्स के साथ पहुंचे और भीड़ को खदेड़ा। किसी तरह समझाबुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। नखासा पुलिस ने शिक्षक अमीचंद गौतम के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर लिया है।
संभल के अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराकर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है। शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
संभल के अपर जिलाधिकारी डा. एसएन सिंह ने कहा कि ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर जाते समय उसके की शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात बताई गई है। आरोपी शिक्षक पहले ही भाग चुका है। उसे शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए। ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्रा के साथ घटी घटना निंदनीय है। आरोपी शिक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। जांच में कॉलेज प्रशासन पूरा सहयोग करेगा।
सालभर से छेड़छाड़ कर रहा था शिक्षक
कॉलेज में आरोपी शिक्षक सालभर पहले ही नियुक्त किया गया था। वह कई अन्य छात्राओं पर भी बुरी नजर रखता था। पीड़ित छात्रा ने पुलिस प्रशासनिक अफसरों को बताया कि शिक्षक उसे लगातार धमका रहा था।
आरोपी शिक्षक की जब से कॉलेज में नियुक्ति हुई, उसके कुछ दिन के बाद से ही वह छात्राओं के साथ किसी न किसी रूप में छेड़छाड़ करता रहता था। छात्राएं बदनामी की वजह से किसी को नहीं बताती है। जिससे उसका हौसला बढ़ता गया। पीड़ित छात्रा ने जब छेड़छाड़ का विरोध किया था तो उसने उसे जान से मारने व उसकी बदनामी कराने की धमकी दी थी। गुरुवार को शिक्षक उसे पढ़ाने के नाम पर अधिक समय तक रोके रहा, अन्य छात्राओं को पहले भेज दिया।
मौका पाते ही उसने उसे ईख में खींच लिया और डरा धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिक्षक ने उसे इतना भयभीत कर दिया कि वह घटना की जानकारी किसी को देने की हिम्मत नहीं कर सकी। सिर्फ अपनी मां को रात को बताया था।