बहुत भव्य होगा फडनवीस का शपथ ग्रहण समारोह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र में पहली बार सरकार बनाने जा रही भाजपा अपने शपथ ग्रहण समारोह को यादगार बनाने में जुटी हुई है। भाजपा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 80 के दशक के उद्घोष ‘अंधेरा छंटेगा, सूरज उगेगा, कमल खिलेगा’ को साकार करने के लिए अरब सागर में कमल खिलाएगी।
ज्यों ही शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा, मुंबई के अरब सागर में 25 से 30 नावों पर कमल के फूल खिलाए जाएंगे और उसकी फुटेज वानखेडे़ स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर दिखाई जाएगी।
वानखेडे़ स्टेडियम में 31 अक्तूबर को शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक साथ तीन स्टेज बनाए जा रहे हैं, जिसकी लंबाई 250 फुट और ऊंचाई 150 फुट है। इस स्टेज पर हालांकि 202 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी लेकिन सुरक्षा कारणों के मद्देनजर कम लोगों को मंच पर जगह दी जाएगी।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अतुल शाह ने बताया कि एलसीडी की बड़ी स्क्रीन पर जहां अरब सागर में कमल खिलने का भव्य दृश्य दिखाई देगा, वहीं महाराष्ट्र की प्राचीन संस्कृति के साथ आधुनिकता के मिश्रण से बने चलचित्र भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
बॉलीवुड के प्रसिद्ध सेट डिजाइनर को कमान
भाजपा ने शपथ समारोह की तैयारी की जिम्मेदारी इंटरनेशनल इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को सौंपी हैं। इस कंपनी ने छत्रपति शिवाजी महाराज पर भी टेलीफिल्म तैयार की है।
मंच की साज सज्जा का काम देख रहे बॉलीवुड के प्रसिद्ध सेट डिजाइनर नितिन देसाई ने बताया कि जितना बड़ा स्टेज है, उसी के अनुरूप 150 फुट लंबी और 30 फुट ऊंची स्क्रीन भी स्टेडियम में लगाई जा रही है।
मंच बनाने के लिए 650 लोगों को लगाया गया हैं। बुधवार को भावी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने स्वयं अधिकारियों के साथ शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी का जायजा लिया। शपथ के बाद मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री क्रिकेट खिलाड़ियों की तरह ग्राउंड में चक्कर भी लगाएंगे।
शपथ समारोह में शामिल होंगे तीन हजार वीवीआईपी
वानखेड़े स्टेडियम में 35 हजार लोग बैठ सकते हैं लेकिन शपथ ग्रहण समारोह में 40 हजार लोगों के आने की संभावना है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एक दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के अलावा राजनीति, उद्योग, फिल्म और खेल जगत से जुड़ी तीन हजार हस्तियां शामिल हैं।
महाराष्ट्र सरकार के प्रोटोकॉल विभाग ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे, उद्योगपति रतन टाटा, अंबानी बंधु, अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, लता मंगेशकर, सुनील गावस्कर, धनराज पिल्ले, नरसिंह यादव सहित अनेक फिल्मी हस्तियों और विभिन्न देशों के राजदूतों सहित 2500 लोगों को निमंत्रण भेजा है।