{"_id":"2152e6e64f261f04643a485346d88637","slug":"despite-illness-fidel-castro-meet-ansari","type":"story","status":"publish","title_hn":"बीमारी के बावजूद अंसारी से मिले कास्त्रो","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
बीमारी के बावजूद अंसारी से मिले कास्त्रो
विनोद अग्निहोत्री/हवाना (क्यूबा)
Updated Fri, 01 Nov 2013 01:08 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुनिया के लिए एक मिथक बन चुके क्यूबा की क्रांति के महानायक फिदेल कास्त्रो अपनी बीमारी और बढ़ती उम्र की वजह से पिछले चार महीने से भी ज्यादा के अज्ञातवास को तोड़कर बुधवार को पहली बार भारत के उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी से रूबरू हुए।
विज्ञापन
अंसारी के साथ फिदेल कास्त्रो की करीब 35 मिनट तक मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने भारत और क्यूबा के ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत करने, विश्व मंच पर समान विचारों वाले मुद्दों पर सहयोग करने को लेकर चर्चा की। अंसारी ने फिदेल कास्त्रो से उनकी सेहत का हालचाल भी पूछा।
विज्ञापन
किसी भी विदेशी शिखर नेता से कास्त्रो की महीनों बाद यह पहली मुलाकात थी। बताया जाता है कि कास्त्रो काफी लंबे समय के बाद लैटिन अमेरिका के बाहर के किसी विदेशी नेता से मिले हैं। इससे पहले वह सिर्फ इक्वाडोर के राष्ट्रपति से इसी साल 21 सितंबर को तब मिले जब वह उनका हाल चाल लेने क्यूबा गए थे।
विज्ञापन
लैटिन अमेरिका में यह भारतीय कूटनीति की बड़ी कामयाबी है। क्यूबा के साथ भारत ने सूचना एवं प्रसार क्षेत्र में एक समझौता भी किया। यह समझौता प्रसार भारती और क्यूबन रेडियो और टेलिविजन इंस्टिटयूट के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए किया गया।
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति की क्यूबा यात्रा के कार्यक्रम में फिदेल कास्त्रो से उनकी मुलाकात को लेकर बेहद उहापोह था। जबकि क्यूबा के मौजूदा राष्ट्रपति और फिदेल के छोटे भाई राउल कास्त्रो के साथ उनकी मुलाकात तय थी। लेकिन बुधवार की दोपहर अचानक उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी को क्यूबा के महानायक फिदेल कास्त्रो के आवास पर ले जाया गया।
उनके साथ पत्नी सलमा अंसारी, विदेश मंत्रालय में पश्चिम मामलों के सचिव दिनकर खुल्लर, क्यूबा में भारत के राजदूत सी राजशेखर भी मौजूद थे। जबकि क्यूबा की ओर से कास्त्रो और वहां के विदेश मंत्री थे।
फिदेल कास्त्रो अपनी गिरती सेहत की वजह से लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से दूर हैं। यहां तक की उन्हें बेहद चाहने वाले क्यूबा के लोग भी नहीं जानते कि उनके प्रिय नेता कहां स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
भारत और क्यूबा के बीच हुए समझौते में दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने, संचार और सूचना के क्षेत्र में परस्पर सहयोग करने के लिए प्रसार भारती और क्यूबन रेडियो टीवी इंस्टिटयूट आपस में कार्यक्रम के आदान प्रदान और अन्य सहयोग भी करेंगे।
दोस्ताना रहे हैं रिश्ते
बताया जाता है कि कास्त्रो भारत के प्रति बेहद दोस्ताना रहे हैं। जब वह गुट निरपेक्ष आंदोलन के अध्यक्ष थे तब उन्होंने दिल्ली यात्रा के दौरान तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ मिलकर भारत और क्यूबा के रिश्तों में बेहद गर्मजोशी भर दी थी।
आजादी के नायक के स्मारक गए उपराष्ट्रपति
अपनी क्यूबा यात्रा के दूसरे दिन उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने क्यूबा की आजादी के नायक जोस मार्टी के स्मारक पर जाकर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वहां उन्होंने क्यूबा की आजादी और क्रांति के अनेक स्मृति चिन्हों को देखा। उपराष्ट्रपति ने हवाना के बायो टेक्नोलॉजी सेंटर को भी देखा।