{"_id":"2339cf0a-5103-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"delhi-gangrape-victim-critical-sonia-says-no-happy-new-year-greetings-for-congress","type":"story","status":"publish","title_hn":"गैंगरेप पीड़ित युवती के लिए सोनिया ने मांगी दुआ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
गैंगरेप पीड़ित युवती के लिए सोनिया ने मांगी दुआ
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Fri, 28 Dec 2012 08:58 PM IST
विज्ञापन
दिल्ली में हुई दरिंदगी के खिलाफ भड़के जनता के गुस्से को देखते हुए शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि दोषियों को सजा दिलाने में देरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह भी लोगों के साथ हैं।
विज्ञापन
सोनिया ने पीड़ित की सलामती की दुआ भी मांगी। उन्होंने नववर्ष की शुभकामना न देने की बात करते हुए नए साल का जश्न नहीं मनाने के संकेत भी दिए। वहीं, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी कहा कि दोषियों को जल्द सजा दिलाई जाएगी।
विज्ञापन
कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के 127वें स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मीडिया से बात की। सोनिया ने पीड़ित के लिए दुआ मांगते हुए कहा कि हमारी एकमात्र इच्छा है कि वह ठीक होकर हमारे पास वापस आए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि वह इस बार नए साल की शुभकामनाएं नहीं देंगी। उनका ध्यान युवती पर है, जो जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने की बात करते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को सख्त सजा देने में देरी नहीं होनी चाहिए। सोनिया कुछ भावुक भी दिखीं।
वहीं साथ में खड़े प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार दोषियों को जल्द सजा दिलाने पर काम कर रही है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आने वाले दिनों में बड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा, मेरी प्रार्थना बहादुर युवती के साथ है और उसका अच्छे से अच्छा इलाज किया जा रहा है।
केंद्र के कदमों की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय की पूर्व जज उषा मेहरा की अध्यक्षता में समिति बनाई है जोकि घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए इस मामले में हुई चूक का पता लगाएगी। सोनिया ने प्रधानमंत्री से काफी देर बात की।
बताया जाता है कि उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे से भी इस मसले पर बैठक की। सूत्रों का कहना है कि शिंदे ने सोनिया को दिल्ली की कानून व्यवस्था और पीड़ित की सेहत के बारे में जानकारी दी।