{"_id":"b70d121a-5107-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"delhi-gang-rape-victim-condition-has-taken-a-turn-for-worse-says-mount-elizabeth-hospital","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली गैंगरेप पीड़ित लड़की की हालत और बिगड़ी","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
दिल्ली गैंगरेप पीड़ित लड़की की हालत और बिगड़ी
नई दिल्ली/सिंगापुर/ब्यूरो/एजेंसी
Updated Fri, 28 Dec 2012 10:32 PM IST
विज्ञापन
दिल्ली गैंगरेप पीड़ित युवती की हालत सिंगापुर के अस्पताल में बेहद बिगड़ गई। अस्पताल के मुताबिक उसके कई अहम अंग काम करना बंद कर सकते हैं। इलाज का भी उस पर कोई असर नहीं हो रहा है। उसे अधिकतम वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
विज्ञापन
माउंट एलिजाबेथ अस्पताल के सीईओ डॉ. केल्विन लो ने रात करीब नौ बजे युवती की बिगड़ी हालत की जानकारी देते हुए बताया कि उसके कई अंगों के काम बंद करने के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की उसे बचाने की पूरी कोशिश के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
विज्ञापन
उसे मैक्सीमम वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ, एंटीबायोटिक की पर्याप्त डोज भी दी जा रही हैं, ताकि इंफेक्शन से लड़ने में मदद मिल सके। उन्होंने बताया कि युवती की हालत के बारे में उसके परिजनों को बता दिया गया है। वे उसे दिलासा दिलाने के लिए उसके पास ही बैठे हैं।
विज्ञापन
इससे पहले अस्पताल ने दिन में जारी बयान में कहा था कि युवती अपनी जिंदगी के लिए तमाम चुनौतियों से पूरी ताकत से जूझ रही है और डॉक्टर उसे बचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। अस्पताल में की गई युवती की जांचों में पता चला कि उसके फेफड़ों और पेट में इंफेक्शन है। उसके दिमाग में भी गंभीर चोट है, जबकि उसे हार्टअटैक यहां आने से पहले ही पड़ा था। भारतीय उच्चायोग भी युवती के माता-पिता और अस्पताल के लगातार संपर्क में है।
इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट में युवती को सिंगापुर भेजे जाने के सरकार के फैसले पर भी सवाल उठाए गए हैं। इन रिपोर्टों में कहा गया है कि युवती का इलाज कर रहे सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टर उसे सिंगापुर भेजने के पक्ष में नहीं थे। लेकिन सरकार ने उसे विदेश भेजने का फैसला आईबी के कहने से किया। सरकार को चिंता सता रही थी कि कुछ अशुभ होने की स्थिति में लोगों का गुस्सा फिर भड़क सकता है।