आगरा: हल्ला मचा चोर का, कमरे से निकली बिल्ली
रविवार दोपहर के 3:30 बजे आगरा में एक घटना से पहले तो सनसनी फैली फिर खुलासा होने पर कोई अपनी हंसी नहीं रोक पाया।
हुआ यूं कि गुरु तेग बहादुर कालोनी में 70-80 लोग जितेंद्र सिंह के घर के बाहर खड़े थे। सबकी नजर उस कमरे पर थी, जिसमें एक चोर बंद बताया जा रहा था। गेट खुलने पर चोर पकड़ लिया जाएगा, सब यही सोच रहे थे।
कमरे का गेट अंदर से बंद था। पेचकस से कुंडी तोड़ी जा रही थी। खबर पुलिस को भी दी गई। मगर ये क्या? आधा घंटे बाद गेट खुलते ही सब ठहाके मारकर हंसने लगे क्योंकि अंदर से चोर नहीं, बिल्ली निकली, जो तेजी से भाग गई।
दरअसल, चोर का हल्ला इसलिए मचा क्योंकि थोड़ी देर पहले जब जितेंद्र की बेटी खुशबू (नौ वर्ष) ने गेट खोलने की कोशिश की तो यह खुला नहीं। इस कमरे के साथ ही रसोई भी थी। दोनों के गेट बंद थे।
खुलासे पर लोगों ने लगाए ठहाके
खुशबू के कहने पर जितेंद्र ने गेट खोलने की कोशिश की लेकिन दोनों अंदर से बंद थे। उन्होंने जोर से कहा, कोई अंदर तो नहीं है। खिड़की से झांककर भी देखा। न कोई आवाज आई, न कोई दिखाई दिया।
बस फिर क्या था। उन्होंने समझ लिया अंदर चोर छुपा है। पता चलने पर पूरे मोहल्ले के लोग आ गए। मीडिया और सिकंदरा थाना पुलिस को भी खबर दी गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही राज खुल गया। लोगों ने बताया कि कमरे में बिल्ली पहले से मौजूद रही होगी। गेट बंद था, लेकिन कुंडी नहीं लगी थी। ऐसे में लग रहा था कि बिल्ली ने निकलने की कोशिश की होगी, जिससे उसके पंजे कुंडी पर लगे होंगे और बंद हो गई होगी।