होश उड़ा देगी नवीन जिंदल, कमलनाथ की संपत्ति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने लोकसभा चुनावों के तीसरे चरण में मुकाबला कर रहे कुल 1491 में 1391 उम्मीदवारों के हलफनामों की समीक्षा की है। और इस समीक्षा में कई चौंकाने वाली चीजें सामने आई हैं।
इनमें से करीब 19 फीसदी यानी 262 उम्मीदवारों का आपराधिक रिकॉर्ड हैं, 147 उम्मीदवार आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं, करीब 29 फीसदी यानी 397 उम्मीदवार करोड़पति हैं और एक उम्ीदवार की औसत संपत्ति 3.09 करोड़ रुपए है।
यह बात जानकर हैरानी हो सकती है कि उत्तर प्रदेश के 45 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं, जबकि हरियाणा के 40 फीसदी के पास करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में करोड़पति नेताओं की तादाद सबसे कम 13 फीसदी है।
नवीन जिंदल की भारी-भरकम जायदाद
हरियाणा के कुरुक्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार नवीन जिंदल सबसे रईस नेता हैं, जिन्होंने 308 करोड़ रुपए की संपत्ति का ऐलान किया है। जाहिर है, यह अब तक की सबसे ज्यादा जायदाद है।
नई दिल्ली सीट से मुकाबला कर रहे है समयक परिवर्तन पार्टी के रामानुज पटेल सबसे गरीब उम्मीदवार हैं और उनके पास सिर्फ 100 रुपए की संपत्ति है। यह दिल्ली की हाई-प्रोफाइल सीट है।
20 लोकसभा सीटों वाले केरल में 29 उम्मीदवार आपराधिक पृष्ठभूमि रखते हैं। लक्षद्वीप में केवल एक लोकसभा सीट है और यहां के 50 फीसदी आपराधिक पृष्ठभूमि से हैं।
टीएमसी प्रत्याशी के खिलाफ 109 मामले
जम्मू कश्मीर में तीसरे चरण के मतदान में केवल एक सीट पर वोट डाले जा रहे हैं और यहां कोई उम्मीदवार आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रखता।
तीसरे चरण में कुल 91 सीटों पर मतदान हो रहा है और इसमें दिल्ली-एनसीआर की सीटें शामिल हैं। झारखंड के पलामू में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कमेश्वर बैठा ने अपने खिलाफ 109 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है।
उड़ीसा के कंधामल से चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी के नरेंद्र मोहंती के खिलाफ गंभीर अपराध से जुड़े 28 मामले दर्ज हैं। चतरा से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी कमेश्वर यादव के खिलाफ 20 आपराधिक मामले हैं।
हत्या से लेकर बलात्कार तक के मामले
नौ उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर हत्या का आरोप है, जबकि 29 के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज है। नौ ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनके खिलाफ महिलाओं से अपराध के मामले हैं। इनमें बलात्कार भी शामिल हैं।
आपराधिक मामलों का सामना करने के मामले में भाजपा का प्रदर्शन सबसे खराब है, क्योंकि उसके 38 उम्मीदवार ऐसे हैं। कांग्रेस के 21 और आम आदमी पार्टी के 15 प्रत्याशी भी आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं।
कांग्रेस के पास 82 फीसदी करोड़पति उम्मीदवार हैं, 54 फीसदी करोड़पति उम्मीदवारों के साथ भाजपा दूसरे पायदान पर है और आम आदमी पार्टी के 46 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं।
कमलनाथ की संपत्ति चौंकाने वाली
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से जीत का रिकॉर्ड बना चुके केंद्रीय मंत्री कमलनाथ की संपत्ति 206 करोड़ रुपए है। 52 फीसदी उम्मीदवारों ने अपना आय कर ब्योरा नहीं भरा है।
48 फीसदी उम्मीदवार ग्रेजुएट और उससे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं, 47 फीसदी 12वीं पास या उससे कम पढ़े हैं। 2 फीसदी ऐसे हैं, जिन्होंने अपनी पढ़ाई का ब्योरा नहीं दिया है और 1 फीसदी अनपढ़ हैं।