राजधानी एक्सप्रेस के खाने में मिले कॉकरोच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हावड़ा से नई दिल्ली जा रही हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में पैंट्रीकार से दिए गए खाने में कॉकरोच और कीड़े मिले। इससे नाराज यात्रियों ने रविवार रात मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया। इसके चलते ट्रेन एक घंटे तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही।
आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने यात्रियों की शिकायत दर्ज की और ट्रेन सुपरिंटेंडेंट को भी इसकी जानकारी दी। डीआरएम ने कार्रवाई के लिए सूचना पूर्व रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक को भेज दी।
हावड़ा से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस रविवार की देर रात लगभग एक बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची। यात्री खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत दर्ज कराना चाहते थे, तभी ट्रेन चल दी। इस पर बी 7 कोच में यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों ने जंजीर खींचकर ट्रेन रोक दी और प्लेटफार्म पर हंगामा करने लगे।
पैकेट में मिले कीड़े और कॉकरोच
इस ट्रेन से नई दिल्ली जा रहे भारती श्रीवास्तव, संजय जैन, अजय जैन, तन्मय पटेल, माधवदास महाराज आदि ने बताया कि पटना रेलवे स्टेशन पर उन्हें ट्रेन की पैंट्रीकार से खाने के पैकेट दिए गए थे। पैकेट में कीड़े और कॉकरोच मिले। इसकी शिकायत उन्होंने पैंट्रीकार मैनेजर से की तो वह विवाद करने लगा।
नाराज यात्रियों ने ट्रेन सुपरिंटेंडेंट से शिकायत पुस्तिका मांगी तो उन्होंने भी शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया। हंगामे की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी के इंस्पेक्टर फोर्स के साथ पहुंचे और यात्रियों को समझाया-बुझाया। जीआरपी इंस्पेक्टर ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी शिकायत दर्ज की।