CISF जवान ने 3 साथियों को गोली से भूना
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक हेड कांस्टेबल ने बुधवार को तमिलनाडु स्थित कलपक्कम परमाणु संयंत्र परिसर में तैनात अपने तीन साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी।
जबकि दो अन्य को घायल कर दिया। पुलिस और संयंत्र के अधिकारियों के मुताबिक हेड कांस्टेबल विजय प्रताप सिंह ने परिसर से 10 किमी दूर बैरक में अपनी 9 एमएम कारबाइन से साथियों पर गोलियां चलाईं। सिंह उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद का रहने वाला है।
कांचीपुरम के पुलिस अधीक्षक सी विजय कुमार ने बताया, ‘सुबह साढ़े पांच बजे के करीब यह घटना हुई, जिसमें सहायक सब इंस्पेक्टर गणेशन, हेड कांस्टेबल सुब्बुराज तथा मोहन सिंह की मौत हो गई। गोलीबारी में सहायक सब इंस्पेक्टर प्रताप सिंह और हेड कांस्टेबल गोवर्धन सिंह को गंभीर चोटें आई हैं।’
लंबे समय बाद हुआ ऐसा हादसा
पुलिस ने बताया कि विजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक इस घटना से परमाणु संयंत्र का काम प्रभावित नहीं हुआ है।
उधर दिल्ली में सीआईएसएफ के महानिदेशक अरविंद रंजन ने कहा, ‘यह एक बेहद चिंताजनक बात है। हमारी फोर्स में इस तरह की घटना लंबे समय के बाद हुई है।
यूनिट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और पुलिस जांच में सहयोग दे रहे हैं।’ अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी सदमे में है और कुछ बोल नहीं रहा है। वह पिछले 24 साल से सीआईएसएफ में है और पिछले साल ही प्रमोशन होने के बाद परमाणु संयंत्र में भेजा गया था।