व्हाट्स एप पर आदित्यनाथ की आपत्तिजनक तस्वीर
तिवारीपुर के एक युवक ने व्हाट्स एप पर महंत आदित्यनाथ की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर दी। मंगलवार शाम मामले की जानकारी होने पर थाने पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
किशन कुशवाहा नाम के युवक ने अपने व्हाट्स एप ग्रुप पर 12 दिसंबर को सांसद महंत आदित्यनाथ की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट कर दी। ग्रुप से जुड़े तिवारीपुर के रहने वाले हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ता रोहित मंझवार ने मंगलवार की शाम पोस्ट की जानकारी होने पर यह सूचना संगठन के महानगर प्रभारी रामभुआल कुशवाहा को दी।
आरोपी के खिलाफ दर्ज कराया केस
रात आठ बजे रामभुआल महानगर महामंत्री ऋषिमोहन वर्मा और 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को लेकर तिवारीपुर थाने पहुंच गए। किशन पर कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने ग्रुप पर पोस्ट की गई आपत्तिजनक फोटो एसओ आशुतोष सिंह को दिखाई।
महानगर प्रभारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावना भड़काने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए घर पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।
उधर, इस मामले की जानकारी मिलने के बाद थाने पहुंचे एसपी (सिटी) हेमंत कुटियाल, सीओ कोतवाली अशोक पांडेय तिवारीपुर थाने पहुंच गए। कार्रवाई का भरोसा देकर उन्होंने हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं को शांत कराया।