आठ राज्यों की 12 विधानसभा सीटों के लिए 13 फरवरी को होगा उपचुनाव
चुनाव आयोग ने मंगलवार को आठ राज्यों की 12 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
इन सभी सीटों पर आगामी 13 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। साथ ही इन सीटों पर मतदान के परिणाम 16 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
जिन आठ राज्यों सीटों पर चुनाव कराया जायेगा, उनमें उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर, बिकापुर और देवबंद विधानसभा सीट, कर्नाटक की देवदुर्गा, बीदर और हेब्बल विधानसभा सीट, पंजाब की खादूर साहिब विधानसभा सीट, महाराष्ट्र की पालघर विधानसभा सीट, बिहार की हरलक्खी विधानसभा सीट,त्रिपुरा की अमरपुर विधानसभा सीट, तेलंगाना की नारायणखेड विधानसभा सीट और मध्य प्रदेश की मैहर विधानसभा सीट शामिल हैं।
बीस से शुरू होगा नामांकन
अधिसूचना के अनुसार उपचुनाव के लिए 20 जनवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और नामांकन की अंतिम तारीख 27 जनवरी है। उम्मीदवारी से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 30 जनवरी है।
सभी सीटों पर मतदान 13 फरवरी को कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश की तीनों सीटों पर समाजवादी पार्टी का कब्जा रहा है। वहीं कर्नाटक की देवदुर्गा सीट पर सत्ताधारी कांग्रेस काबिज रही है। तो बीदर और हेब्बल विधानसभा सीट बीजेपी के पास थी।
पंजाब की खादूर साहिब सीट कांग्रेस के पास थी,जबकि बिहार की हरलक्खी सीटपर आरएलएसपी का कब्जा था। त्रिपुरा की अमरपुर विधानसभा सीट एम अचारजी के सीपीआई एम से निकाले जाने के कारण खाली हुई है।
महाराष्ट्र की पालघर विधानसभा सीट शिवसेना के पास थी जून 2015 से खाली है क्योंकि पेटिशन के चलते ईसी वहां उपचुनाव नहीं करा सकी थी। वहीं तेलंगाना की नारायणखेड विधानसभा सीट और मध्य प्रदेश की मैहर विधानसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा रहा है।