उपचुनाव में बीजेपी चित, सपा की चल पड़ी साइकिल
देश के नौ राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में भाजपा को करारा झटका लगा है। भाजपा जिस विश्वास के साथ लोकसभा में आई थी, वह इन नतीजों के बाद डगमगाती दिख रही है।
मतदाताओं ने उसके अति आत्मविश्वास को आईना दिखाया है। पार्टी का सबसे बुरा हाल उत्तर प्रदेश में हुआ है, जहां उसने 11 में से आठ सीटें खो दी हैं।
राजस्थान में वसुंधरा सरकार के कामकाज के तरीके को नकारते हुए मतदाताओं ने उसे तीन सीटों से बेदखल कर दिया है। भाजपा ने गुजरात की नौ सीटों में से तीन खो दीं। तीनों राज्यों की 24 सीटों में भाजपा 14 हार गई।
अखिलेश ने कहा, आ गए अच्छे परिणाम
इससे पहले बिहार, उत्तराखंड, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के उपचुनावों में भी पार्टी का प्रदर्शन खराब ही रहा था। यूपी में एक मात्र मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की।
पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से छोड़ी गई वडोदरा लोकसभा सीट भाजपा ने बरकरार रखी है। जबकि तेलंगाना में मेडक सीट पर हुए लोकसभा उपचुनाव में टीआरएस के उम्मीदवार को जीत मिली है।
कुल नौ राज्यों की 32 सीटों में हुए विधानसभा उपुचनावों में भाजपा ने 12 पर जीत हासिल की। सपा को आठ और कांग्रेस को सात सीटें मिलीं।
तृणमूल, तेलुगुदेशम पार्टी, एआईयूडीएफ और माकपा को एक-एक सीट हासिल हुई है। सिक्किम की एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली है। जबकि छत्तीसगढ़ के अंटागढ़ में भाजपा ने मतगणना रुकवा दी।
प्रचार में स्थानीय मुद्दे गायब
यूपी में 2017 की सत्ता के सेमीफाइनल माने जा रहे उपचुनावों में भाजपा औंधे मुंह गिर गई। राज्य में पार्टी ने आठ सीटें गंवा दी। इन पर सपा के उम्मीदवार जीते।
जो तीन सीटें भाजपा बचा सकी, उसमें भी उसकी जीत का अंतर बहुत ज्यादा नहीं रहा। भाजपा को लखनऊ, नोएडा और सहारनपुर में जीत हासिल हुई। नोएडा में विमला बाथम 58952 मतों से विजयी रहीं।
यूपी में बसपा उम्मीदवारों के मैदान में न रहने से भाजपा और सपा के उम्मीदवारों में सीधी टक्कर थी। यूपी में अपनी जीत से सपा को लोकसभा में मिले भारी झटके से राहत मिली है और इससे वह उत्साहित है।
कांग्रेस और सपा ने भाजपा की हार को सांप्रदायिक ताकतों की हार करार दिया है। उनका कहना है कि लोगों ने भाजपा के ध्रुवीकरण की राजनीति को नकार दिया है।
कांग्रेस को मिली संजीवनी
पश्चिम बंगाल विधानसभा में एंट्री, भाजपा के लिए एक मात्र राहत की बात रही। यहां बशीरहाट सीट से भाजपा के समिक बंदोपाध्याय ने जीत हासिल की है।
माकपा ने त्रिपुरा में एक सीट जीती है, जबकि सिक्किम में एक सीट निर्दलीय को मिली है। राजस्थान में भाजपा चार में से तीन सीटें हार गई। विश्लेषकों का कहना है कि जनता वसुंधरा के घमंड का बदला ले रही है।
गुजरात में कांग्रेस, भाजपा से तीन सीटें जीतने में कामयाब रही है। यूपी (11 सीटें), गुजरात (नौ सीटें) और राजस्थान (चार सीटें) में जिन सीटों के लिए उपचुनाव हुए उन पर भाजपा का कब्जा था।
नतीजों पर किसने क्या कहा?
जनता ने खारिज की ध्रुवीकरण की राजनीति: कांग्रेस
नतीजों पर कांग्रेस नेता शकील अहमद ने कहा कि उपचुनाव के नतीजों से साफ है कि जनता ने भाजपा के ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज कर दिया है। लोगों को भाजपा और मोदी सरकार का रंग-ढंग पसंद नहीं आया। भाजपा नेता और मंत्री अपने बयानों से ध्रुवीकरण की राजनीति करते रहे और पीएम मुंह बंद किए रहे।
फिरकापरस्त ताकतें हारीं : सपा
सपा की जीत पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने सांप्रदायिक ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। लोगों ने सपा को जिता कर साफ कर दिया है वह राज्य में अमन-चैन और भाईचारा चाहते हैं। सांप्रदायिक ताकतों ने माहौल बिगाड़ना चाहा लेकिन जनता ने उन्हें अपनी वोट की ताकत से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
स्थानीय मुद्दों का असर : भाजपा
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा
कि कुछ जगहों पर नतीजे हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे। ये चुनाव
स्थानीय मुद्दों पर लड़े गए और वहां हुए जहां राज्य सरकारें पूर्ण बहुमत
में है। पार्टी के लिए अच्छी खबर भी रही है। पश्चिम बंगाल में कमल खिला है।
किसे मिली कितनी सीटें, देखिए
राज्य-------कुल सीट-------भाजपा-------सपा
यूपी----------11----------------03------------08
राज्य-------कुल सीट-------भाजपा-------कांग्रेस
गुजरात---------09----------------06-----------03
राजस्थान-------04---------------01------------03
राज्य-------कुल सीट-------भाजपा-------टीएमसी
प.बंगाल-------02----------------01------------01
राज्य-----कुल सीट-------भाजपा-------कांग्रेस-------एआईयूडीएफ
असम-------03-----------------01-----------01--------------01
राज्य-------कुल सीट-------निर्दलीय
सिक्किम-------01----------------01
राज्य-------कुल सीट-------माकपा
त्रिपुरा---------01---------------01
राज्य-------कुल सीट-------टीडीपी
आंध्र प्रदेश-------01-------------01
लोकसभा उपचुनाव के परिणाम
वडोदरा (गुजरात) : भाजपा
मैनपुरी (यूपी) : समाजवादी पार्टी
मेंडक (तेलंगाना) : टीआरएस