नेपाल में भारतीय श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में पलटी, 17 मरे
नेपाल के धादिङ जिले के नौबिसे के पास बुधवार की सुबह भारतीय तीर्थ यात्रियों से भरी एक बस के गहरी खाई में गिर जाने से 17 भारतीयों की मौत हो गई और 28 यात्री घायल हो गए। मरने वालों में आठ महिला तथा नौ पुरुष हैं। घायलों का इलाज काठमांडू के कई अस्पतालों में चल रहा है।
बस में कुल 45 लोग सवार थे। जो भारत के गुजरात राज्य के सुरेंद्रनगर जिले के धौगद्रा गांव के आसपास के बताए जा रहे हैं। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले से एक महीने पहले 90 तीर्थ यात्रियों दल दो बस में सवार होकर भारत में विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर पशुपतिनाथ पहुंचा था।
पशुपतिनाथ का दर्शन करने के बाद बुधवार की सुबह छह बजे तीर्थ यात्रियों को लेकर दोनों बसें वापस भारत के लिए रवाना हुई। बस नंबर जीजे 14 एक्स 9900 काठमांडू से लगभग 25 किलोमीटर दूरी पर धादिङ जिले के नौबिसे के पास जैसे ही पहुंची अनियंत्रित होकर तीन सौ मीटर गहरी खाई में चली गई।
मृतक गुजरात के धौगद्रा के रहने वाले थे
मौके पर 12 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि काठमांडू में इलाज के दौरान पांच यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवजी भाई, गणेश भाई, दयाराम भाई, नारसी भाई, गाराम भाई, गणपत भाई, दलपत भाई, जसु बेन, लीला बेन, सविता बेन, गौरी बेन, कंचन बेन बताया जाता है।
जबकि घटना में शामिल पांच मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। काठमांडू के जिला प्रहरी प्रमुख उत्तम कार्की ने बताया कि घटना की सूचना के बाद मौके पर सेना, पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस के 400 से ज्यादा जवानों ने राहत कार्य शुरू कर दिया और घायलों को काठमांडू के वीर अस्पताल एवं शिक्षण अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्प लाइन नंबर
नेपाल में हुए बस दुर्घटना में मृतकों तथा घायलों की जानकारी के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्प लाइन नंबर जारी किया है। दूतावास द्वारा जारी मोबाइल नम्बर 00977-9851107021 एवं लैंड लाइन 00977-1-4411027 पर मृतकों तथा घायलों के बारे में जानकारी ली जा सकती है।