9 साल में 505 अरब डॉलर काला धन गया विदेश, होगी जांच
सुप्रीम कोर्ट की ओर से काले धन पर नियुक्त विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने राजस्व खुफिया निदेशालय से इसकी पुष्टि करने को कहा है कि क्या वर्ष 2004 से 2013 के बीच देश से 505 अरब डॉलर के काले धन को विदेश भेजा गया।
इस अवधि में केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार थी।
एसआईटी ने यह निर्देश अमेरिकी संस्था ग्लोबल फाइनेंस इंटग्रिटी की रिपोर्ट के आधार पर दिया है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि देश से बाहर काला धन भेजने के मामले में दुनिया में भारत चौथे स्थान पर है।
खुफिया निदेशालय करेगा जांच
वर्ष 2004 से 2013 के बीच हर साल 51 अरब डॉलर की राशि बाहर भेजी गई। वित्त
मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि एसआईटी को अमेरिकी
संस्था से हर देश से विदेश भेजे गए काले धन की गणना की विस्तृत रिपोर्ट
मिली है।
इस विस्तृत जानकारी को आठ फरवरी को राजस्व खुफिया निदेशालय को
भेजा गया। उससे इस गणना की सत्यता बताने को कहा गया है। एसआईटी का मानना है
कि इस अमेरिकी संस्था की रिपोर्ट को शैक्षणिक गलियारे और चर्चाओं में
प्रमुखता से इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में इस रिपोर्ट की सत्यता को
जांचना काफी अहम हो जाता है।
इसमें कहा गया है कि राजस्व खुफिया निदेशालय
से रिपोर्ट मिलने के बाद भविष्य में जरूरी कदम उठाए जाएंगे।