राहत के बाद सलमान पहुंचे घर, फैंस का किया शुक्रिया
बांबे हाईकोर्ट से सलमान खान को बड़ी राहत मिली है। सलमान जेल जाने से फिलहाल बच गए हैं। कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई है। इसके साथ सेशंस कोर्ट से सलमान को मिली सजा को सस्पेंड कर दिया गया है।
हालांकि मामले में सलमान खान को 30 हजार रुपये का नया बेल बॉन्ड भरना था जिसे उन्होंने सेशंस कोर्ट पहुंचकर भर दिया। बॉन्ड भरने के तुरंत बाद सलमान वापस अपने घर चले गए।
सलमान के घर के बाहर सुबह से ही फैंस की खासी भीड़ देखी गई। बेल बॉन्ड भरने के बाद सलमान खान घर लौटे तो बालकनी में हाथ हिलाकर फैंस का स्वागत किया। इस मौके पर उनके मां और पिता भी साथ थे। सलमान ने बाद में इशारे से फैंस को घर जाने के लिए भी कहा।
इससे पहले कोर्ट से राहत के बाद भी सलमान देश से बाहर नहीं जा सकेंगे। उन्हें अपना पासपोर्ट कोर्ट में जमा कराना होगा। बाहर जाने से पहले उन्हें कोर्ट को जानकारी देनी होगी। इसके साथ-साथ मामले की अगली सुनवाई 15 जून को होगी।
13 साल पुराने हिट एंड रन के केस में सेशंस कोर्ट ने सलमान को दोषी करार देते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी। जिसके बाद सलमान के वकील मामला हाईकोर्ट लेकर गए। जहां से उन्हें पहले दो दिन की जमानत दी गई थी।
फैसले से निराश दिखे भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह
बांबे हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि जब तक केस की सुनवाई चलेगी सलमान को राहत जारी रहेगी। इस बीच कोर्ट से फैसले के बाद सलमान के फैंस जश्न में डूब गए हैं। उन्होंने मिठाईयां भी बांटी।
दूसरी ओर सलमान पर कोर्ट के फैसले के बाद इसके पक्ष और विपक्ष पर प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। भाजपा सांसद और मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर सत्यपाल सिंह इस फैसले से थोड़े आहत नजर आए।
भाजपा सांसद ने फैसले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि गरीब को न्याय मिलने में परेशानी होती है। उन्होंने आगे कहा कि दो दिन पहले न्याय की आस जगी थी। वहीं कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि कोर्ट के फैसले पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए।
सलमान खान पर आए फैसले पर नीलम कटारा ने कहा कि इससे गलत संदेश जाएगा। अगर आपके पास पैसे हैं, आप ताकतवर हैं तो आप शराब पीकर गाड़ी चलाना जारी रख सकते हैं।
पहले की सजा को हाईकोर्ट ने रद्द किया
इससे पहले शुक्रवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सरकारी वकील और बचाव पक्ष की ओर से दी जा रही दलीलों को गौर से सुना। इस बीच कोर्ट की ओर से कहा गया कि जब अपील सुनी जा रही है तो आरोपी को जेल क्यों भेजा जाए?
इसके अलावा जज ने जो अहम बातें कही हैं उस पर गौर करें तो सरकारी वकील जमानत का विरोध क्यों कर रहे हैं? सजा सस्पेंड करने में दिक्कत क्या है?
कोर्ट ने सरकारी वकील से पूछा है कि क्या वो कोर्ट को गुमराह तो नहीं कर रहे? आखिर सलमान के मामले धारा 304-2 क्यों लगाई गई? पहले ये धारा किसी पर भी नहीं लगाई गई है।
कोर्ट ने पूछा कि आखिर इतने गंभीर मामले में कमाल खान से पूछताछ क्यों नहीं की गई? आखिर में कोर्ट ने सलमान की पहले वाली सजा पर रोक लगाते हुए कहा कि जब तक हाईकोर्ट में सुनवाई चलेगी उन्हें जमानत दी गई है।
हाईकोर्ट से राहत के बाद अब सलमान खान ट्रायल कोर्ट के सामने सरेंडर करेंगे। जहां से उन्हें जमानत लेनी होगी। इसके लिए अब सलमान खान सेशंस कोर्ट जाएंगे।
सलमान खान के फैन ने खाया जहर
सलमान को राहत मिलने से पहले बांबे हाईकोर्ट परिसर में एक फैन ने जहर खाने की कोशिश की थी। कोर्ट के भीतर सलमान खान की जमानत याचिका पर बहस के दौरान ये घटना घटी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सलमान के जिस फैन ने जहर खाया उसके लिए वो पहले से तैयारी करके आया था। जैसे ही उसने जहर पीने की कोशिश की, उसे पकड़ लिया गया। उसके पास से एक चिट्ठी भी मिली है।
इस बीच सलमान को मिली 5 साल की सजा पर रोक लग गई है। इससे सलमान के फैंस में खुशी का माहौल है। फिलहाल जेल जाने से सलमान खान जेल नहीं जाएंगे।
जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका
भले ही बांबे हाईकोर्ट से सलमान खान को राहत मिल गई हो। लेकिन इससे पहले दो दिन की अंतरिम जमानत मिलने को लेकर एक वकील ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। जिसे उच्चतम न्यायालय ने स्वीकार कर ली है।
शीर्ष अदालत में दायर याचिका में कहा गया है कि आखिर फैसले की प्रति रिकॉर्ड पर न आने के बावजूद हाईकोर्ट ने किस आधार पर सलमान को अंतरिम जमानत दे दी।
याचिकाकर्ता अभिषेक चौबे की ओर से पेश वकील वी मिश्रा ने गुरुवार को चीफ जस्टिस एच एल दत्तू की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष उल्लेख किया कि सलमान की जमानत रद्द होनी चाहिए और सामान्य प्रक्रिया के तहत इसकी सुनवाई होनी चाहिए।