भ्रष्ट कहने पर फंसे केजरी, कोर्ट में देख लेने की धमकी!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लगभग सभी बड़ी राजनैतिक पार्टियों के नेताओं को भ्रष्ट बताते हुए एक सूची जारी की। केजरीवाल की यही सूची उन पर भारी पड़ती जा रही है।
केजरीवाल के बाद वो सभी नेता लामबंद हो गए जिनको उन्होंने भ्रष्ट बताया। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गड़करी और केंद्रीय मंत्री फारुख अब्दुल्ला ने केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह दी है।
भाजपा और नेशनल कांफ्रेस जहां खुलकर विरोध में आ गईं हैं वहीं कांग्रेस के महासचिव और नवनिर्वाचित राज्यसभा के सदस्य दिग्विजय सिंह ने भी केजरीवाल की आलोचना की है। हो सकता है कि आने वाले दिन मुख्यमंत्री के लिए चुनौतीपूर्ण हों।
फारुख अब्दुल्ला बोले कोर्ट में देख लूंगा
खुद को भ्रष्ट कहे जाने से नाराज केंद्रीय मंत्री फारूख अब्दुल्ला ने कहा है कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोर्ट में इसका जवाब देंगे। केजरीवाल ने ‘भ्रष्ट’ नेताओं की सूची में नेशनल कांफ्रेंस प्रमुख फारूख अब्दुल्ला का नाम भी लिया है।
द्रमुक प्रमुख एम करुणानिधि ने उनके घर पर मुलाकात करने के बाद अब्दुल्ला ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि इस सूची में मेरा भी नाम है। मैं अब कोर्ट में इस बात का जवाब दूंगा और केजरीवाल से भी पूछूंगा।’
‘भ्रष्ट’ नेताओं की सूची जारी करते हुए केजरीवाल ने दिल्ली में राष्ट्रीय परिषद की बैठक में कहा था कि पार्टी इन सभी के खिलाफ उम्मीदवार उतारेगी।
भाजपा ने केजरीवाल को ही बताया भ्रष्ट
भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा उसके चार नेताओं को बेईमान बताए जाने की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि या तो वह इनके खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत पेश करें या फिर माफी मांगे।
पार्टी ने केजरीवाल को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि खुद उनमें संपूर्ण ईमानदारी नहीं है और उनकी पार्टी विदेशों से मिले चंदे पर मौन धारण किए हुए है। आप लोगों का मूल मुद्दों से ध्यान हटाने तथा सस्ती लोकप्रियता के लिए ये आरोप लगा रही है।
भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आप पार्टी और उसके नेताओं को अब अपनी आंदोलनकारी भूमिका और संवैधानिक भूमिका में अंतर करना होगा।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति सड़क पर खड़ा होकर आंदोलनकारी की तरह बिना सबूतों के आरोप नहीं लगा सकता।
उन्होंने कहा कि भाजपा इसकी कडी निंदा करती है और मांग करती है कि या तो केजरीवाल इन नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत पेश करें या फिर माफी मांगे।
तीन दिन में जवाब दें केजरीवाल
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि केजरीवाल मेरे भ्रष्ट होने के तीन दिन में सबूत पेश करें नहीं तो मानहानि का दावा दायर करूंगा।
भ्रष्ट नेताओं की लिस्ट में अपना नाम होने से गुस्साए गडकरी ने केजरीवाल से उनका नाम हटाने और तुरंत बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। इससे पहले भी आप ने नितिन गड़करी की कंपनी पूर्ति को लेकर कई खुलासे किए थे।
इन्हीं खुलासों के चलते नितिन गड़करी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटना पड़ा था। तभी भी गड़करी को केजरीवाल के खुलासे के बाद काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
दिग्विजय बोले, केजरीवाल की नजर में सब भ्रष्ट
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि उनकी निगाह खराब हो गईं है। उन्हें हर नेता बेईमान दिखाई देता हैं।
केजरीवाल ने कांग्रेस के नेताओं का नाम लेते हुए उपाध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रमंडल खेल घोटाले में फंसे सुरेश कलमाड़ी, विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, वित्त मंत्री पी चिदंबरम, टेलीकॉम मंत्री कपिल सिब्बल, पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल, वीरप्पा मोइली का नाम लिया है।
केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम इन भ्रष्ट लोगों को संसद में नहीं पहुंचने देंगे।