बीजेपी संगठन में पत्ते फेंटने वाले हैं अमित शाह!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह न केवल जल्द ही संगठन में रिक्त पदों को भरेंगे बल्कि शीर्ष स्तर पर भी बड़ा बदलाव करेंगे। इस प्रक्रिया में शाह राज्यों के नेताओं को ज्यादा अहमियत देंगे।
उत्तराखंड के त्रिवेंद्र सिंह रावत, बिहार के नंदकिशोर यादव, हरियाणा के प्रभारी अनिल जैन, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राजस्थान के ओम बिरला या ओम माथुर को महासचिव तो बिहार के संजय पासवान को उपाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है।
माना जा रहा है कि शाह पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण इकाई संसदीय बोर्ड में भी बदलाव कर हाल ही में रक्षा मंत्री बनाए गए मनोहर परिकर को जगह देंगे। अगर बोर्ड से दो नेताओं की छुट्टी हुई तो परिकर के अलावा पार्टी महासचिव राम माधव को भी जगह दी जा सकती है।
मोदी मंत्रिमंडल के हालिया विस्तार में दो महासचिवों और दो उपाध्यक्षों को सरकार में जगह मिलने से संगठन में कई पद खाली हो गए हैं। फिलहाल शाह को पांच महासचिव और चार उपाध्यक्ष के साथ कोषाध्यक्ष का नाम तय करना है।
संसदीय बोर्ड में भी किया जा सकता है फेरबदल
सूत्रों के मुताबिक संगठन में रिक्त पदों को भरने के लिए माथापच्ची हो रही है। इस क्रम में महासचिव और उपाध्यक्ष पद के लिए प्रारंभिक स्तर पर चर्चा हुई है। साथ ही संसदीय बोर्ड में भी बदलाव पर चर्चा की गई है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि बोर्ड से दो वर्तमान सदस्यों जेपी नड्डा और अनंत कुमार को हटाए जाने की चर्चा है, मगर इस संबंध में अंतिम फैसला नहीं हुआ है। बोर्ड में नए सदस्यों के रूप में परिकर और राम माधव को शामिल करने पर चर्चा हुई है।
इसी प्रकार महासचिव पद के लिए हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रभारी और सह प्रभारी की भूमिका निभाने वाले कैलाश विजयवर्गीय और अनिल जैन को पदोन्नत किए जाने पर भी चर्चा हुई है।
राजस्थान से राज्य के युवा मोर्चा से जुड़े रहे कोटा के सांसद ओम बिरला और हाल ही में उत्तर प्रदेश के प्रभारी बनाए गए ओम माथुर के नाम पर चर्चा हुई है। महासचिवों की टीम में इन दो नेताओं में से एक को जगह दी जा सकती है।
बिहार में अपने अभियान को धार देने के लिए शाह ने महासचिव पद के लिए बिहार सरकार में मंत्री रहे नंदकिशोर यादव और उपाध्यक्ष पद के लिए संजय पासवान के नाम की चर्चा की है। जबकि उत्तराखंड से पूर्व सरकार में मंत्री रहे त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम की चर्चा हुई है।