नवरात्र में मोदी का खास ख्याल रखेगा अमेरिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के वक्त उनके नवरात्र व्रत रखे जाने का अमेरिका खास ख्याल रखेगा।
इस बारे में खुद व्हाइट हाउस ने कहा है कि यह कोई मुद्दा नहीं है क्योंकि उनके यहां मेहमानों के रीति- रिवाजों को आदर किया जाता है।
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता केटलिन हेडेन ने कहा, "हम अच्छी तरह से जानते हैं कि पीएम मोदी अपनी वाशिंगटन यात्रा के दौरान उपवास पर रहेंगे। पिछले कई साल से अमेरिकी राष्ट्रपति की मेजबानी में आने वाले सभी मेहमानों के रिवाजों का सम्मान करते हुए हम काम करते हैं।"
हेडेन ने कहा, "हमारे राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी की सफल द्विपक्षीय यात्रा की उम्मीद कर रहे हैं। इसमें हम उपवास का मुद्दा किसी भी तरह से आड़े नहीं आने देंगे।"
नवरात्र उपवास के दौरान मोदी केवल तरल चीजें यानी शहद के साथ नींबू-पानी और रोजाना एक कप चाय लेते हैं। हालांकि व्हाइट हाउस ने यह ब्योरा देने से इनकार कर दिया कि 29 सितंबर को ओबामा की मेजबानी में होने वाले निजी रात्रिभोज में मोदी को क्या पेश किया जाएगा।
व्हाइट हाउस ने दी जानकारी
वहीं, व्हाइट हाउस हिस्टोरिकल एसोसिएशन का मानना है कि रात्रिभोज का ब्योरा बना लिया गया होगा। यह ब्योरा यात्रा पर आए नेता की धार्मिक परंपराओं एवं मान्यताओं का आदर करते हुए बनाया गया होगा।
उधर, व्हाइट हाउस हिस्टोरिकल एसोसिएशन का कहना है कि डिनर का ब्योरा पहले ही तैयार हो चुका है। एसोसिएशन की प्रवक्ता लारा एम क्लाइन ने कहा, "1920 के दशक से विदेश मंत्रालय में प्रोटोकॉल ऑफिस राष्ट्र प्रमुखों के दौरे से कई हफ्ते पहले उनकी अग्रिम टीम से मुलाकात करता है और दौरे के हरेक ब्योरे पर काम किया जाता है, जिसमें भोजन से जडे़ मुद्दे यानी पसंदगी या नापसंदगी भी शामिल होती है। प्रधानमंत्री मोदी के होने वाले दौरे में भी ऐसा ही हुआ होगा। मुझे मालूम है कि मोदी की सुविधा के लिए इस तरह के काम जरूर किए गए होंगे और टीम ने जानकारियों साझा की होंगी।"