{"_id":"6182016c-2bd1-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"aiyyer-said-modi-ravana-and-hussein-said-him-rat","type":"story","status":"publish","title_hn":"अय्यर ने मोदी को कहा ‘रावण’, हुसैन ने ‘चूहा’","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
अय्यर ने मोदी को कहा ‘रावण’, हुसैन ने ‘चूहा’
अहमदाबाद/एजेंसी
Updated Sun, 11 Nov 2012 12:58 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस नेताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर शब्दों के तीखे तीर छोड़ने शुरू कर दिए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मणि शंकर अय्यर ने जहां उन्हें ‘असत्य का सौदागर’ और ‘रावण’ कहा, वहीं राज्यसभा सांसद हुसैन दलवई ने एक रैली के दौरान कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के आगे वह एक चूहे की तरह हैं।
विज्ञापन
पोरबंदर में एक बैठक के दौरान कांग्रेस नेता मणि शंकर अय्यर ने कहा, ‘मोदी राज्य की जनता की गाढ़ी कमाई से खुद की बेहतर छवि का निर्माण करने में लगे हुए हैं, इसके लिए उन्होंने पीआर एजेंसी को भी नियुक्त हुआ है। इसी वजह से कुछ लोग उन्हें लौहपुरुष कह रहे हैं। काहे के लौहपुरुष, वह तो पानी पुरुष हैं।’
विज्ञापन
पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें ‘मौत का सौदागर’ करार दिया था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मोदी इस बार मणिनगर विधानसभा से चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस पर अय्यर ने कहा कि भला क्यों वह इस बार मणिनगर से चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। हालांकि भाजपा सांसद विजय रुपानी ने जवाबी हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने काम से मतलब होना चाहिए। उन्हें मणिनगर से चुनाव लड़ने के लिए कोई उम्मीदवार नहीं मिल रहा है।
विज्ञापन
मोदी ने हाल ही में कहा था कि गुजरात में 20 दिसंबर को एक और दीवाली मनाई जाएगी क्योंकि इसी दिन चुनावों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस पर पूर्व खेल मंत्री अय्यर ने चुटकी लेते हुए कहा कि सही मायने में वह दीवाली का दिन होगा क्योंकि उस दिन ‘रावण’ के शासन का अंत होगा। उन्होंने मोदी को ‘असत्य का सौदागर’ करार देते हुए आरोप लगाए कि वह गुजरात की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
दूसरी ओर उत्तरी गुजरात के पालनपुर में एक रैली के दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हुसैन दलवई ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के सामने मोदी एक चूहे की तरह ही हैं। इसी बैठक में कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि कांग्रेस राज्य को एक ईमानदार और युवा मुख्यमंत्री देने में सक्षम है। विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता प्रचार अभियान में जुट गए हैं। रविवार को भी कांग्रेस गुजरात में 10 अलग-अलग स्थानों पर रैली आयोजित करेगी।