'एएमयू सिमी का अड्डा, पाकिस्तान से जुड़े तार'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने तल्ख बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाली साध्वी प्राची ने जम्मू-कश्मीर में बीफ पार्टी देने वाले निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद की पिटाई को उचित बताया है।
उन्होंने रशीद की पिटाई करने वाले भाजपा विधायकों को उत्तर प्रदेश में बुलाकर सम्मानित करने का भी एलान किया है। रविवार को एक कार्यक्रम के सिलसिले में अलीगढ़ पहुंचीं साध्वी प्राची ने जम्मू-कश्मीर विधान सभा में राशिद की पिटाई प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि गौ माता की हत्या करने वाले लोगों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वे जम्मू-कश्मीर जाकर पिटाई करने वाले भाजपा विधायकों से मिलेंगी। अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. पूजा शकुन पांडे के आवास पर साध्वी प्राची ने भाजपा विधायक संगीत सोम प्रकरण पर कहा कि यह शर्म की बात है कि विधायक संगीत सोम मीट फैक्ट्री चलाने में शामिल थे। नेताओं का दोगला चेहरा समाज में नहीं होना चाहिए।
दादरी के बिसाहड़ा प्रकरण पर उन्होंने कहा कि मृतक इकलाख पाकिस्तान में रहकर आया था और उसके घर में गौ मांस व सिर मिले थे। उन्होंने कहा कि शासन ने उनके बिसाहड़ा जाने पर इसलिए प्रतिबंध लगा दिया ताकि सच्चाई न सामने आ जाए। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा में जान गंवाने वालों की आंसू पोछने प्रदेश सरकार नहीं जाती है।
उन्होंने कहा कि बिसाहड़ा में पुलिस युवाओं का उत्पीड़न कर रही है। डर से लोग गांव छोड़कर भाग गए हैं। एक युवक डर से आत्म हत्या कर ली, एक विकलांग हो गया है। सपा सरकार तुष्टीकरण में जुटी है। उन्होंने आजम खां एवं प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला और आरोप लगाया कि सरकार उनकी हत्या कराना चाहती है।
मुख्यमंत्री अलिखेश यादव को चुनौती दी कि यदि उनमें हिम्मत है तो यूएनओ में देश की शिकायत करने वाले आजम खां को मंत्री पद से हटा दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उनके खिलाफ अन्याय कर रही है। बरेली गईं तो उनके खिलाफ थाने में एफआईआर करा लिखा दी गई है।
'पाकिस्तान से जुड़े तार'
साध्वी प्राची के फेसबुक पर एक युवक ने आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की है। आरोप है कि मो. अकरम खान नामक युवक एएमयू लॉ फैकल्टी का छात्र है। अलीगढ़ दौरे के दौरान ही फेसबुक पर हुए इस टिप्पणी से साध्वी प्राची का आक्रोश सातवें आसमान पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय सिमी का अड्डा है और इसके तार पाकिस्तान से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि उनके पास एलआईयू वाले आए थे और उन्होंने इससे उन्हें अवगत करा दिया है। छात्र के खिलाफ थाने में शिकायत के संबंध में पूछे जाने पर साध्वी का कहना था कि ऐसे सिरफिरे लोगों पर वह ध्यान नहीं देती। इस बीच एएमयू को सिमी का अड्डा एवं पाकिस्तान से तार जुड़े होने के संबंध में एएमयू पीआरओ डॉ. राहत अबरार का कहना है कि साध्वी प्राची को आरोप लगाने के पहले एएमयू का इतिहास पढ़ना चाहिए।
कुछ लोगों द्वारा नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास के नारे के विपरीत देश में नफरत का जहर घोलने का प्रयास किया जा रहा है। यह न तो राष्ट्रहित में है और न ही समाज हित में। छात्र द्वारा टिप्पणी किए जाने के सवाल पर डॉ. अबरार का कहना है कि जरूरी नहीं कि साध्वी पर टिप्पणी करने वाला युवक एएमयू का ही हो। लोगों की अपनी व्यक्तिगत राय भी होती है।