मरने के बाद भी जिंदा हो गई महिला, आखिर कैसे?
जिस महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था वह पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय जी उठी। यह घटना राज्य के मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल की है।
महिला के घरवालों ने इस लापरवाही के लिए संबंधित डॉक्टर के साथ मारपीट की लेकिन अस्पताल अधीक्षक का दावा है कि यह अपने किस्म की अनूठी घटना है।
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि ममता सरकार (40) नामक उस महिला को मंगलवार देर रात महिला वार्ड में भर्ती कराया गया था। रात को लगभग ढाई बजे उसकी हालत खराब हो गई।
उसका इलाज कर रहे डॉक्टर अखिलेश मंडल को न तो उसकी नब्ज चलती मिली न ही दिल की धड़कन। इस पर डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया था।
पोस्टमार्टम से पहले आ गया होश
मरीज के घर वालों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर पोस्टमार्टम शुरू होने से पहले ही महिला को होश आ गया। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद उसे आईसीयू में ले जाया गया।
अस्पताल के अधीक्षक एमए राशिद ने बताया कि लापरवाही बरतने को लेकर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर मरीज के परिजनों ने मंगलवार को अस्पताल में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की।
उन्होंने इस मामले में संबंधित डॉक्टर के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है। उन लोगों ने डॉक्टर की पिटाई भी कर दी। मरीज की रिश्तेदार सुमिता सरकार ने बताया कि डॉक्टर ने लापरवाही से जीवित महिला को मृत घोषित कर दिया।
ऐसे में घरवालों की नाराजगी स्वाभाविक है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वाइस प्रिंसिपल एमए राशिद ने बताया कि फिलहाल उस महिला को आईसीयू में रखा गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख में जुटी है।