बाल-दाढ़ी कटवाकर काशी बवाल के आरोपियों ने बदला हुलिया!
वाराणसी में अन्याय प्रतिकार यात्रा के दौरान बवाल कराने के लिए रुपये बांटे गए थे। घटना की तफ्तीश में जुटी क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस के जरिये एक संगठन के प्रदेश स्तरीय नेता की बातचीत सुनी है, जिसमें उसे रुपयों का बंटवारा सही तरीके से करने के लिए कहते पाया गया है।
सामने आए इन तथ्यों के आधार पर क्राइम ब्रांच अब मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। हालांकि पुलिस के उच्चाधिकारी अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि उपद्रवियों को पहले ही पूरी योजना समझा-बता दी गई थी, इसकी छानबीन जारी है।
इस बीच, उपद्रव के लिए भीड़ को उकसाने के दो मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वीडियो फुटेज और फोटो के आधार पर सौ से अधिक उपद्रवियों को चिह्नित कर चुकी पुलिस अब तक इस मामले में 61 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस ने उठाया है। पता चला है कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए तमाम आरोपियों ने बाल-दाढ़ी कटवाकर अपना हुलिया बदल लिया है।
क्लीन सेव और बाल छोटे कराकर बदला हुलिया
वाराणसी के गोदौलिया बवाल में वीडियो फुटेज और फोटो के आधार पर चिह्नित आरोपी पुलिस से बचने के लिए दाढ़ी-बाल कटवाकर छुपते फिर रहे हैं। बवाल के दौरान के वीडियो फुटेज में गप्पू सिंह और अंशू केसरी की दाढ़ी बढ़ी हुई दिखाई दी लेकिन गुरुवार को जब दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो अंशू की दाढ़ी बनी थी और गप्पू की छोटी थी।
सीओ कैंट ने बताया कि कुछ आरोपियों ने क्लीन सेव और बाल छोटे-छोटे कराकर खुद का हुलिया बदलने का पूरा प्रयास किया है लेकिन पुलिस की नजरों से कोई भी आरोपी बच नहीं पाएगा।
एसएसपी आकाश कुलहरि के निर्देश पर गोदौलिया बवाल के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुरुवार को भी पुलिस टीमों ने दशाश्वमेध, चौक, कोतवाली, शिवाला सहित कुछ अन्य स्थानों पर छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
शिवसेना से जुड़े हैं दोनों आरोपी
अन्याय प्रतिकार यात्रा के दौरान बीते पांच अक्तूबर को गोदौलिया में जमकर उपद्रव हुआ था। पुलिस वाहन समेत 25 से अधिक गाड़ियां फूंक दी गई थीं। पुलिस पर हमला, पथराव और आगजनी के दौरान एक दरोगा की पिस्टल भी उपद्रवियों ने छीन ली थी। क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस की मदद से खुद को एक संगठन का प्रदेश स्तरीय नेता बताने वाले एक शख्स को रुपयों का बंटवारा सही तरीके से करने की बात कहते सुना है।
पुलिस लाइन स्थित नवीन संगोष्ठी सदन में गुरुवार को क्षेत्राधिकारी कैंट राजकुमार यादव ने भीड़ को उकसाने के दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी का मीडिया के सामने खुलासा किया।
बताया गया कि वीडियो फुटेज के आधार पर चिह्नित किए गए कालिया कोठी अगस्त्यकुंडा निवासी संतोष सिंह उर्फ गप्पू सिंह और ध्रुवेश्वर मिसिरपोखरा निवासी अंशू केसरी को चौकाघाट क्षेत्र के ताड़ीखाना तिराहा से क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दोनों शिवसेना से जुड़े हैं। उन्हें गिरफ्तार करने वाली टीम में क्राइम ब्रांच प्रभारी एसपी सिंह, दरोगा रामनरेश यादव, राजीव सिंह और इंस्पेक्टर कैंट रतन सिंह यादव शामिल थे।