शुक्रवार दो और फिल्में 11, कौन-कितना कमाएगी?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फरवरी महीने में रिलीज के लिए फिल्में तो बहुत हैं मगर ऐसी नहीं कि दर्शक उन्हें देखने को बेताब हों। पिछले दो हफ्ते इसके गवाह हैं। आने वाले दिनों में भी यही स्थिति है। बॉलीवुड और हॉलीवुड की मिला कर 15 से अधिक फिल्में दो शुक्रवारों को टिकट खिड़की पर आएंगी लेकिन किसी से बड़ी कामयाबी की उम्मीद बेकार है।
जब साल में 200 से ज्यादा फिल्में रिलीज होंगी तो कुछ ऐसे भी मौके आएंगे जब टिकट खिड़की पर एकदम भगदड़ दिखाई देगी। फरवरी के कुल चार शुक्रवारों में से दो गुजर चुके हैं जिनमें पांच फिल्में रिलीज हुईं। मगर आने वाले दो शुक्रवारों को मारा-मारी मचेगी क्योंकि बॉलीवुड की कुल 11 फिल्में रिलीज होने जा रही हैं।
इनमें सोनम कपूर और मनोज वाजपेयी की दो फिल्में छोड़ दें तो बाकी के औसत से कम वाला सिनेमा रहने के आसार हैं। 19 फरवरी को सिनेमाघरों में जहां पांच फिल्में लगेंगी वहीं 26 फरवरी को सात फिल्में टिकट खिड़की पर पहुंचेंगी। स्वाभाविक है कि सारी फिल्में एक-दूसरे का नुकसान करेंगी। दर्शक भी किसी विशेष फिल्म पर ध्यान नहीं दे सकेंगे।
खास बात यह है कि फरवरी ऑस्कर का भी महीना है
खास बात यह है कि फरवरी ऑस्कर का भी महीना है और 28 तारीख को पूरी दुनिया की नजरें लॉस एंजिल्स की तरफ रहेंगी। ऑस्कर में पहुंची कुछ फिल्में भी फरवरी के तीसरे-चौथे हफ्ते में रिलीज होंगी। भारतीय भी इसलिए ऑस्कर को खास तौर पर देखेंगे कि प्रियंका चोपड़ा वहां किसी विजेता को अपने हाथों से ट्रॉफी देंगी। यह अनूठा सम्मान है। अतः अगले दो हफ्तों में बॉलीवुड को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा भी अच्छी चुनौती देगा। खास तौर पर महानगरों और बड़े शहरों में, जहां मल्टीप्लेक्स अहम अड्डे बन गए हैं।
19 फरवरी सोनम कपूर के लिए यह कड़ी परीक्षा की घड़ी है। एक विमान अपहरण कांड पर बनी उनकी यह फिल्म करिअर के लिए बहुत अहम है क्योंकि वह इसमें अकेली सितारा हैं, जिन पर सारा भार है। खूबसूरत और डॉली की डोली जैसी फिल्मों में उनका रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा जबकि पिछली रिलीज प्रेम रतन धन पायो जितनी भी चली उसमें सोनम का श्रेय ढूंढना मजाक जैसा होगा।
सोनम की फिल्म के सामने चार बॉलीवुड फिल्मों की चुनौती है, जिनके नाम एक साथ सुनकर दर्शक कनफ्यूज हो जाएंगी कि टिकट किस फिल्म लिया और कौन-सी देखनी है। जी हां, इन फिल्मों के नाम भी प्रेम को अपने-अपने ढंग से परिभाषा देते नजर आते हैं। इश्क फॉरएवर, डायरेक्ट इश्क, लवशुदा और रिदम। इसमें एक भी फिल्म का प्रमोशन और मार्केटिंग निर्माता ने ऐसी नहीं की है कि उसे फिल्म चलने का भरोसा हो। अतः 19 को जो भी थोड़ा बहुत ध्यान होगा, वह सोनम पर होगा।
सोनम की मुश्किल बनेंगी हॉलीवुड की चार रिलीज
सोनम कपूर की फिल्म के आगे तो बड़ी मुसीबत है। बॉलीवुड की चार फिल्मों के अलावा उनके सामने हॉलीवुड की चार फिल्में भी उनके सामने हैं। सोनम कपूर की फिल्म ऐसे दिन रिलीज हो रही है जब हॉलीवुड की चार फिल्में भी मल्टीप्लेक्सों में आएंगी। अब अगर उनकी फिल्म उन्नीस भी साबित हुई तो महानगरों और बड़े शहरों में उसे बिखरते देर नहीं लगेगी। 19 फरवरी को प्राइड एंड प्रिज्यूडिस एंड जॉम्बीज, ऑल रोड्स लीड टू रोम, हेल सीजर और रेवेनेंट रिलीज हो रही हैं। इन फिल्मों का अपना दर्शक वर्ग है।
इनमें में सबसे ज्यादा इंतजार लियोनार्डो डिकैप्रियो स्टारर रेवेनेंट का हो रहा है। टाइटैनिक से लोकप्रिय होने वाले इस सितारे के पूरी दुनिया की तरह भारत में भी काफी चाहने वाले हैं। अंतरराष्ट्रीय सट्टा बाजार में इस पर काफी धन लगा है कि क्या लियोनार्डो को सर्वश्रेष्ठ ऐक्टर का ऑस्कर मिलेगा? पांच बार वह इस पुरस्कार के लिए नामांकित हो चुके हैं मगर हर बार खाली हाथ रहे। भारत में ऐसे दर्शक हैं जो सोनम की फिल्म से ज्यादा तवज्जो लियोनार्डो की फिल्म को देंगे।
26 फरवरी को स्थिति और जटिल हो जाएगी। इस शुक्रवार को छह फिल्मों की एक-दूसरे से कड़ी टक्कर है। जिस फिल्म का प्रमोशन अच्छा होगा और जो ज्यादा दर्शकों तक पहुंच बनाएगी, उसके ही सफल होने की उम्मीद ज्यादा होगी। प्रेम शगुन (संदेश नायक) और बॉलीवुड डायरीज (के.डी. सत्यम) पहली बार फिल्म बनाने वाले निर्देशकों की फिल्में है।
जबकि इश्क जुनूनः द हीट इज ऑन के निर्देशक संजय शर्मा इससे पहले समलैंगिक प्रेमियों पर डू यू नो वाई और उसका सीक्वल बना चुके हैं। उत्तेजक सीन इस फिल्म की यूएसपी हैं। तेरे बिन लादेन का सीक्वल (निर्देशकः अभिषेक शर्मा) और समलैंगिक कथानक वाली अलीगढ़ (निर्देशकः हंसल मेहता) एक-दूसरे को टक्कर देंगी। इस दंगल में कोई एक विजेता हो पाएगा, इसके मौके कम ही हैं। सबके डूबने के आसार ज्यादा हैं।