एकतरफा प्यार में पागल युवक ने छात्रा को मारी गोली
आजमगढ़ के कप्तानगंज इलाके के पश्चिम का पुरा गांव में एकतरफा प्यार में पगलाए एक सिरफिरे युवक ने बुधवार की सुबह कालेज जा रही इंटरमीडियट की छात्रा पर पहले गड़ासे से हमला किया और फिर उसे तमंचे से गोली मार दी।
सीने में गोली और गर्दन में गड़ासा लगने से गंभीर रूप से घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। इस घटना से गांव में अफरातफरी मच गई।
हमलावर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार युवक, लड़की से एकतरफा प्रेम करता था लेकिन उसके मना कर देने से वह नाराज था। कंधरापुर थाना क्षेत्र के पश्चिम का पूरा गांव निवासी छात्रा इंटर में पढ़ती है। उसके घर से करीब दो सौ मीटर दूर रहने वाला राकेश यादव उससे एकतरफा प्रेम करता था।
अकेले मिलने पर करता था छेड़छाड़
आरोपी युवक अक्सर छात्रा को अकेले देखकर परेशान करता था। छात्रा ने इसकी शिकायत अपनी मां के जरिये राकेश के घर वालों से भी की थी, लेकिन उसके आचरण में कोई सुधार नहीं हुआ। इस बीच बुधवार की सुबह छात्रा घर से कालेज जाने के लिए निकली।
जैसे ही वह गांव के बाहर रास्ते पर पहुंची कि वहां पहले से घात लगाए बैठे राकेश ने पीछे से उसकी गर्दन पर गड़ासे से हमला कर दिया। अचानक गर्दन में चोट लगने से छात्रा घायल हो गई। तभी राकेश सामने पहुंचा और सीने में तमंचा सटाकर उसे गोली मार दी।
गोली चलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होने पर छात्रा के घर वाले मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अधिक रक्तस्राव होने पर डाक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया।
एसओ कंधरापुर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि राकेश उससे एकतरफा प्रेम करता था, जबकि छात्रा को यह बात पसंद नहीं थी। उसने जब मना कर दिया तो राकेश ने उसकी हत्या करने के उद्देश्य से हमला कर दिया। राकेश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वह घर छोड़कर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।