प्रेमिका के इशारे पर दोस्त ने दोस्त को मारी गोली
मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की उसके दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को प्रेमिका के इशारे पर अंजाम दिया गया। पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाईयों को हिरासत में लिया है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद करने की कोशिशों में लगी है।
पुलिस के अनुसार जागृति विहार (मंशा देवी मंदिर के पास) निवासी गौरव कुमार (18) पुत्र स्व. महेंद्र कुमार प्राइवेट अस्पताल में सफाई कर्मी था। गौरव एक युवती से फोन पर बातचीत करता था। युवती का गौरव के एक दोस्त से प्रेम प्रसंग था।
लगातार फोन पर बात करने की बात युवती ने गौरव के दोस्त को बता दी। जिस पर दोस्त ने गौरव को मारने का प्लान बनाया। पुलिस के अनुसार दोस्त ने गौरव को फोन कर घर से बुलाया। उसे नशीला पदार्थ देकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात में दोस्त के दो साथी भी मौजूद थे।
'गौरव एक लड़की से फोन पर बात करता था'
हालांकि परिजनों ने एक पड़ोसी युवक अमित को नामजद किया है। पुलिस ने नामजद आरोपी और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक नामजद आरोपी ने बताया कि गौरव जागृति विहार निवासी एक युवती से फोन पर अक्सर बात करता था।
कई बार उसके एक दोस्त ने गौरव को धमकी भी दी। हत्या से उसका कोई लेना-देना नहीं है। गौरव की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुई है। एसओ मेडिकल राकेश यादव ने बताया कि गौरव की प्रेम प्रसंग में हत्या हुई है। युवती का दूसरा प्रेमी अमित है या कोई ओर, इसका पता लगाया जा रहा है।
युवती से होगी पूछताछ
गौरव जिस युवती से फोन पर बात करता था, पुलिस ने उसका पता लगा लिया है। एसओ ने बताया कि युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी जरूरी है। गौरव की हत्या एक युवती के इशारे पर हुई। युवती किसी प्रेमिका है, इसका पता लगाना बेहद जरूरी है। आरोपी अमित से पूछताछ जारी है। वारदात का जल्द खुलासा होगा।