चोरी के शक में पीटकर मार डाला, पिलाया नाले का पानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के रामबाग में शनिवार सुबह करीब पौने पांच बजे व्यवसायी देवेंद्र त्यागी के घर में घुसे 30 साल के युवक को पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। उस पर चोरी की नीयत से घुसने का शक था। चश्मदीदों का कहना है उसकी पिटाई के दौरान ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन अस्पताल नहीं ले जाया गया।
देवेंद्र त्यागी उसे एसएन मेडिकल कालेज लेकर गए। लेकिन थोड़ी देर में ही उसने दम तोड़ दिया। उसकी शनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि उसकी मौत पिटाई से नहीं, छत से कूदने के कारण हुई है। देवेंद्र के दो मंजिला मकान में यह युवक मैन गेट के पास बने कमरे में देखा गया था। उसे चोर समझकर देवेंद्र के परिवारीजनों ने शोर मचा दिया।
आस-पास के लोगों ने पहुंचते ही उसे पीटना शुरू कर दिया। उसे वहां से ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा गया। चश्मदीदों ने बताया कि उसने माफी मांगी, लेकिन लोग नहीं रुके। उसके मुंह से खून निकलने लगा। उसने पानी मांगा तो उसे प्लास्टिक के गिलास में नाले का गंदा पानी पीने के लिए दिया गया।
मोहल्ले में ही रहता था
बिजली के खंभे के सहारे उसे दो लोगों ने पकड़ लिया गया और काफी देर तक पीटा गया। चश्मदीदों का यह भी कहना है कि कई लोगों ने उसे ज्यादा पीटने से मना किया। इस पर बाकी लोग तो हट गए, लेकिन चार लोग नहीं माने। इसी बीच सूचना पर पुलिस पहुंच गई। लेकिन उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया।
देवेंद्र त्यागी उसे लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। थोड़ी देर में ही ही उसकी सांसें बंद हो गईं। उधर, इंस्पेक्टर एत्माद्दौला एसके सिंह का कहना है कि युवक व्यवसायी के घर में घुस गया था। उसे लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया तो वह छत पर चढ़ गया। बाद में वह दूसरी मंजिल की छत से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोग उसे खुद थाने लेकर आए थे। इस पर उसे अस्पताल में भर्ती कराने के लिए बोला गया था। मोहल्ले के कुछ लोगों का यह भी कहना था कि युवक कई दिन से मोहल्ले में ही रह रहा था। मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा था। हो सकता है कि वह गलती से घर में घुस गया हो।