'हैलो, पुलिस! वो तीनों ओबामा को मार देंगे'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने से मना किए जाने पर एक युवक ने ऐसी साजिश रची कि दिल्ली-गोवा पुलिस और खुफिया एजेंसियों के होश उड़ गए। 19 वर्षीय युवक ने अपने पास छह मिनट की रिकॉर्डिंग होने का दावा करते हुए पुलिस को सूचना दी थी कि तीन आतंकी 26 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को मारने की साजिश रच रहे हैं।
गोवा के डीआईजी वी रंगनाथन ने बताया कि बुधवार सुबह 7 बजे नेश स्टीव कोटीन्हो ने दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके सूचना दी कि उसने अपने सैटेलाइट फोन से तीन आतंकियों की बातचीत रिकॉर्ड की है।
साउथ गोवा कॉलेज में फर्स्ट ईयर के छात्र नेश ने दावा किया कि तीनों आतंकी फोन पर अपने आकाओं से बात कर रहे हैं और गणतंत्र दिवस पर बड़े हमले की फिराक में हैं।
'हरे रंग की वैन और बाइक पर थे आतंकी'
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने कंट्रोल रूम को फोन करके बताया कि एक आतंकी हरे रंग की वैन में सवार था और दो अन्य मोटरसाइकिल पर थे। वे सभी हिंदी में बात कर रहे थे। वे कुनकोलिम से 5 किमी दूर एक अस्पताल के पास देखे गए थे।
नेश ने पुलिस को यह भी बताया कि उन तीनों के व्यवहार से उसे शक हुआ और उसने अपना फोन उनकी गाड़ी के पास धीरे से फेंक दिया, जिसमें उनकी सारी बातें रिकॉर्ड हो गईं।
पुलिस को सूचना देने के बाद नेश ने इसकी सूचना स्थानीय भाजपा विधायक सुभाष राजन को भी दी। उधर, नेश का फोन आते ही दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों के अलावा सेना और एसपीजी के जवान भी अलर्ट हो गए। उन्होंने गोवा पुलिस को फोन किया और नेश को ट्रेस करने को कहा।
'परेड के दौरान ओबामा को मार डालेंगे'
दोपहर 12.30 बजे नेश को कुनकोलिम पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां कई बड़े अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान उसने कहा कि उसे गोवा की पुलिस पर बिल्कुल भरोसा नहीं है इसलिए उसने दिल्ली पुलिस को सूचना दी।
फोन पर रिकॉर्डेड बातचीत में आतंकी कह रहे हैं, "हम अपने साथ आरएसएस को खत्म करने का तोहफा लेकर आए हैं और डीएम (डिफेंस मिनिस्टर) को भी मार देंगे, जो शनिवार को गोवा आ रहे हैं। इनके अलावा उस इंगलिशमैन (ओबामा) को भी गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान मार देंगे। आप टीवी देखना कि वहां पर क्या होता है। इंटेलिजेंस को भी नहीं पता कि हम कैसे और क्या कर रहे हैं। पाकिस्तान जिंदाबाद, ओबामा मुर्दाबाद"
शाम 4:30 बजे तक पुलिस नेश से पूछताछ करती रही और वह उन्हें अलग-अलग बयान देकर उलझाता रहा। आखिरकार उसने पुलिस को सच बता दिया।
तो ऐसे रची खौफनाक साजिश, खुद किया खुलासा
उसने कहा कि वह आम जनता और रक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित करना चाहता था, इसलिए उसने यह साजिश रची। उसने बताया कि फोन रिकॉर्डिंग उसने खुद ही की है।
उसने पुलिस को बताया कि वह गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होना चाहता था लेकिन एनएसएस कैडेट के तौर पर उसका चयन नहीं हुआ इसलिए वह परेशान था। वह एनडीए में जाना चाहता था लेकिन वहां भी नहीं जा सका। वह देश की सेवा करना चाहता है लेकिन हर प्रयास में उसे फेल कर दिया गया।
नेश की ओर से रची गई इस साजिश का पर्दाफाश होते ही पुलिस ने उसे आईपीसी का धारा 505, 182, 66ए (आईटी एक्ट) और 13 (1) (गैरकानूनी काम करने) के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने कहा कि वह चाहता है कि पर्रिकर दोबारा गोवा के मुख्यमंत्री बनें।