शादी के डर से घर छोड़ा, पहुंच गई वेश्यालय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोलकाता के हावड़ा जिले में 21 साल की एक युवती से गैंगरेप के बाद आरोपियों ने उसे रेड लाइट एरिया में बेचने की कोशिश भी की। उन्होंने लड़की को मछली बाजार के पास स्थित एक घर में बंधक बनाकर रखा था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह लड़की को लेकर नॉर्थ कोलकाता के वेश्यालय में गया था। उसके दूसरे साथी का तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता बीते शनिवार को हावड़ा स्टेशन पहुंची थी। कोलकाता जाने के लिए वह सही रास्ता नहीं जानती थी, इसलिए उसने स्टेशन पर ही रात बिताई।
शादी के डर से घर से भागी थी पीड़िता
टीओआई के मुताबिक, पीड़िता के घर वालों ने उसकी शादी तय कर दी थी, लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं थी और इसी के चलते वह घर से भाग निकली। वह नौकरी करने के इरादे से कोलकाता आई थी।
मामले की छानबीन से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को लड़की स्टेशन पर टहल रही थी, तभी उसे 35 वर्षीय असलम खान मिला। वह स्टेशन के पास ही होलसेल मार्केट में काम करता है और नॉर्थ 24 परगना के घटकपुकुर का रहने वाला है।
असलम को अहसास हुआ कि लड़की नौकरी की तलाश में है तो उसने उसे नौकरी दिलाने का वादा किया। वह शाम को मार्केट के पास ही लड़की के लिए खाना लेकर आया और मौका देखकर उसने एक साथी के साथ मिलकर उसका गैंगरेप किया। दूसरे आरोपी की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
गैंगरेप के बाद आरोपियों ने लड़की को आईसी बोस रोड के पास स्थित एक कमरे में बंद कर दिया। उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने को कहा।
नौकरी दिलाने के बहाने ले गया वेश्यालय
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने दो दिन तक उसे बंधक बनाकर टॉर्चर और गैंगरेप किया। मंगलवार को आरोपी खान ने पीड़िता को कोलकाता में नौकरी दिलाने का वादा किया और बीती घटना के बारे में किसी से जिक्र न करने को कहा।
वह उसे रेड लाइट एरिया में ले गया और दलाल के हाथों बेचने की कोशिश की। हालांकि समय पर पीड़िता को इस बात की भनक लग गई और उसने शोर मचा दिया। उसे चीखती देखकर वहां से गुजर रहे लोगों ने खान को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
हावड़ा पुलिस ने खान को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर गैंगरेप और अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मजिस्ट्रेट के सामने पेशी से पहले पुलिस उसका बयान रिकॉर्ड करेगी।
हैदराबाद: ऑटो ड्राइवरों ने किया युवती से गैंगरेप
उधर, हैदराबाद में 29 साल की एक महिला से गैंगरेप हुआ। पीड़िता ब्यूटी पार्लर में काम करती है। घर लौटते समय दो ऑटो ड्राइवरों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पीड़िता ने कुतबुल्लापुर से चिंतल इलाके के लिए ऑटो लिया था। बीच रास्ते पर ड्राइवर और उसके साथी की नीयत डोली और वे उसे डरा-धमका कर झाड़ियों के पीछे ले गए, जहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया।
एसीपी एन नरसिम्हा रेड्डी ने बताया कि गैंगरेप के बाद दोनों आरोपियों ने लड़की को शाहापुर इलाके में छोड़ दिया और भाग निकले। पीड़िता ने अगले दिन पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान करके उन्हें हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है।