गाने पर झूमता रहा पति, लुटेरों से जान बचा ऑटो से कूदी पत्नी
पश्चिमी यूपी में पिलखुवा के पास नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े थ्रीव्हीलर में लूटपाट कर रहे बदमाशों के चुंगल से बचने के लिए एक महिला बेटे के साथ चलते थ्रीव्हीलर से नीचे कूद गई।
जबकि पति ऑटो में आगे बैठकर गाने सुनता रहा। उसे पीछे हो रही वारदात का पता नहीं चला। पब्लिक ने बदमाशों को दबोच लिया और पीटा। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले बदमाश चकमा देकर भाग गए।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा के मोहल्ला मठमलियान निवासी मनीषा अपने पति संदीप मित्तल और बेटे कुनाल के साथ थ्रीव्हीलर से हापुड़ जा रही थी। रास्ते में महिला को तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया और जेवर लूटने की कोशिश की। इस दौरान थ्रीव्हीलर में आगे बैठे पति को तेज आवाज में गाना चलने के कारण कुछ पता नहीं चला।
पब्लिक ने पीटा
थोड़ी देर बाद महिला बच्चे को पकड़कर बदमाशों के चुंगल से बचने के लिए डूहरी पेट्रोल पंप के पास चलते थ्रीव्हीलर से नीचे कूद गई। थ्रीव्हीलर भी रुक गया और पब्लिक ने बदमाशों को दबोच लिया।
पब्लिक ने बदमाशों को पीटा और पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची बदमाश पब्लिक को चकमा देकर भाग गए। पुलिस ने घायल मां और बेटे को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुधीर त्यागी, कोतवाल, पिलखुवा ने मामले पर कहा है कि महिला को थ्रीव्हीलर से नीचे कूदने के लिए मजबूर करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।