2 माह की बेटी को मां ने एक लाख में बेचा
एक लाख रुपए में अपनी दो माह की बच्ची को बेचने के बाद पुलिस में उसकी गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा बच्ची खरीदने वाले और इस काम में उसकी मदद करने वाले व्यक्ति को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।
चेन्नई पुलिस के अनुसार, सिंगारावेलन नगर में रहने वाली महालक्ष्मी ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दो माह की बेटी जेनिफर गायब है। इस दौरान उसकी सास और उसका पति भी साथ थे।
महालक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि घटना गवर्नमेंट स्टेनली मेडिकल कॉलेज के पास हुई जब वह वहां दवा लेने गई हुई थीं। वहां लंबी लाइन होने की वजह से वह बच्ची को लेकर खड़ी नहीं हो पा रही थी इसलिए वहां पर खड़ी एक महिला की गोद में उसे दे दिया था। जब वह दवा लेकर वहां वापस आई तो महिला और उसकी बच्ची दोनों गायब थीं। हालांकि पुलिस को उसकी बताई कहानी पर भरोसा नहीं हुआ।
दो बार बिकी मासूम बच्ची
टीओआई के अनुसार, मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि वह महिला के बारे में बार-बार अपना बयान बदल रही थी। पुलिस को शक हुआ तो उससे कड़ाई ये पूछताछ की गई। डर के मारे उसने सारा सच बयां कर दिया।
महालक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि उसने एक परिचित महिला के साथ मिलकर एक किराना व्यवसायी मुथुकृष्नन के हाथों बच्ची को बेच दिया।
पुलिस ने जब मुथुकृष्नन को पूछताछ के लिए पकड़ा तो पता चला कि उसने दो लाख रुपए में बच्ची को एक अन्य शख्स के हाथों बेच दिया। इसमें से उसने एक लाख रुपए महालक्ष्मी को दिए और बाकी पैसा अपने कमीशन के तौर पर रख लिया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीसरे आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी लेकिन उसके कोई संतान नहीं थी। इसीलिए वह परेशान रहती थी। बेटी के लिए उसने मुथुकृष्नन से बात की और किसी भी कीमत पर बच्चा खरीदने के लिए राजी हो गया।
कृष्नन ने महालक्ष्मी की परिचित महिला को यह बात बताई और दोनों ने मिलकर बच्ची को बेचने का फैसला लिया। मुथुकृष्नन पर विश्वासघात और धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।