यूपी: महिला ने दो साल की बच्ची को जिंदा जलाया
कुंडल चोरी की घटना की रंजिश में सात दिन पहले एक युवती ने दो साल की बच्ची को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती बच्ची ने गुरुवार को दम तोड़ दिया। इस मामले में बच्ची की मां ने आरोपी युवती और उसके पिता के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना गत 23 जुलाई को ग्राम भोजपुर में हुई। गांव के अहिवरन सिंह जाटव की दो वर्षीय पुत्री दीक्षा 23 जुलाई को घर के बाहर लगे इंडिया मार्का हैंडपंप के समीप खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान हैंडपंप पर पड़ोसी शैली उर्फ बेबी अपने पिता संतोष कुमार जाटव के साथ पहुंची और दीक्षा के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा दी।
महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शोर सुनकर पहुंचे परिवारीजन आग बुझाकर दीक्षा को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। वहां से चिकित्सकों ने सैफई रेफर कर दिया। सैफई में बच्ची की हालत में सुधार न होने पर परिवारीजनों ने इटावा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया था।
दीक्षा के पिता ने आरोप लगाया है कि डेढ़ माह पूर्व उसकी पत्नी अनीता के कुंडल चोरी हो गए थे। इन कुंडलों को शैली ने एक सुनार के यहां गिरवी रख दिया था। इसकी जानकारी पर उसने शैली से पूछताछ की। साथ ही गांव में पंचायत भी बुलाई गई।
पंचायत में शैली ने कुंडल चोरी करने का आरोप स्वीकार किया था। पंचायत के दबाव के चलते उसने कुंडल भी वापस कर दिए थे। तभी उसने धमकी दी थी। मौका मिलते ही शैली ने पिता के सहयोग से उनकी बेटी पर केरोसिन डालकर आग लगा दी।